उदभव उत्सव का आयोजन 29 अक्टूबर से 2 नवम्बर तक

Oct 14 2022

ग्वालियर। उदभव सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अन्तर्राष्ट्रीय नृत्य एवं संगीत महोत्सव उदभव उत्सव-2022 का आयोजन ग्रीन वुड पब्लिक स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में 29 अक्टूबर से 2 नवम्बर तक करेगी। इस वर्ष ताइवान कार्यक्रम की पार्टनर कन्ट्री होगी। शुभारम्भ समारोह में ताईवान के भारत में प्रतिनिधि (राजदूत) बाओशुआन गेर शामिल होंगे। इस वर्ष ताइवान, उजबेकिस्तान, किर्गिस्तान एवं श्रीलंका के दलों के साथ जम्मू काश्मीर, असम, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ, राजस्थान एवं मध्यप्रदेश के 1000 से अधिक कलाकार ग्वालियर के विभिन्न स्टेजों पर चैम्पियनशिप ट्राफी जीतने के लिये शानदार प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम जीवाजी विश्वविद्यालय एवं सिंधिया कन्या विद्यालय के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
उदभव के अध्यक्ष डॉ. केशव पाण्डेय एवं ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल की चेयरपर्सन श्रीमती किरण भदौरिया ने पत्रकारों को जानकारी देते हुये बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय नृत्य महोत्सव उदभव उत्सव का यह 17वां वर्ष है। विगत वर्षो में ग्रीस, इटली, स्पेन, रूस, स्लोवाकिया, फ्रांस, टर्की, रशिया, बुल्गारिया, साउथ कोरिया, किर्गिस्तान, अजरबैंजान, रिपब्लिक ऑफ यकुटिया, चीन, यूक्रेन, इजिप्ट, इण्डोनेशिया, थाईलैण्ड, बंगलादेश, श्रीलंका आदि देशों के कलाकार अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियाँ उदभव उत्सव के अन्तर्गत ग्वालियर में दे चुके हैं।
उदभव उत्सव-2022 का शुभारम्भ 29 अक्टूबर होगा जिसमें भव्य कार्निवल निकाला जायेगा। जहां विभिन्न देशों के प्रतिभागी एवं देश के विभिन्न प्रान्तों से आये प्रतिभागी पारम्परिक परिधानों में नृत्य करते हुये चलेंगे। अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के पर उद्भव ग्वालियर-टू-रोम नामक पुस्तक भी प्रकाशित कर रहा है जिसमें 25 वर्षो की सम्पूर्ण यात्रा का चित्रण किया गया है कि किस प्रकार ग्वालियर से निकल कर 45 विदेश यात्राओं एवं दुनिया के 80 देशों में सांस्कृतिक सम्बन्ध स्थापित कर भारतीय संस्कृति का परचम फहराया है।
पत्रकार वार्ता में उदभव के डॉ. केशव पाण्डेय, दीपक तोमर, श्रीमती किरण भदौरिया, एसके द्विवेदी, मनोज अग्रवाल, सुरेन्द्र पाल सिंह कुशवाह, प्रवीण शर्मा, आलोक द्विवेदी, डॉ. आदित्य भदौरिया, राजीव शुक्ला, सुरेश वर्मा, प्रदीप बिसारिया, शरद यादव, साहिल खान, शुभम राणा, संतोष वशिष्ठ आदि उपस्थित थे।