युवतियों ने भी रखा व्रत,मेहंदी लगाने वाले वसूले मनमाने दाम

Oct 13 2022

ग्वालियर। पति की लंबी उम्र के लिए गुरुवार को महिलाएं सज-संवर कर शाम को चांद के दर्शन के बाद पति के दीदार करेंगी। गुरुवार को करवाचौथ पर महिलाएं सुबह से ही अन्न-जल का त्याग कर चांद के दीदार का इंतजार कर रही हैं। कुछ युवा जिनकी यह पहली करवाचौथ है उसे यादगार बनाने के लिए उन्होंने स्पेशल प्लानिंग की है। गुरुवार को करवाचौथ पर हाथ में करवा लेकर अपने चांद का दीदार छलनी में करने के बाद इस व्रत को महिलाएं खोलेंगी।
महिलाएं हाथों में सजना के नाम की मेहंदी और पैरों में पायल, माथे पर बिंदिया सजा रही हैं। करवाचौथ को लेकर जितनी तैयारियां महिलाओं ने की है उससे कई ज्यादा तैयारियां पतियों ने भी कर रखी है। पति की लंबी उम्र की कामना करते हुए महिलाएं गुरुवार को सुबह से ही अन्न, जल का त्याग कर व्रत रखे हुए हैं। तो वहीं कुछ पति भी पत्नियों का साथ देते हुए उनके साथ व्रत रख रहे हैं। सरप्राइज गिफ्ट की प्लानिंग करते हुए बाजारों में खरीदारी कर रहे हैं तो कई लोगों ने अपनी पत्नियों को ज्वेलरी गिफ्ट देने के लिए बुकिंग पहले से ही करा रखी थी और अब डिलेवरी ले रहे हैं। कुछ लोगों ने स्पेशल डिनर के साथ करवाचौथ सेलीब्रेशन को यादगार बनाने का तानाबाना बुन लिया है।
करवाचौथ का व्रत सुहागिन महिलाएं अखण्ड सौभाग्य के लिए रखती हैं लेकिन इस व्रत गुरुवार को युवतियां भी कर रही हैं और सुबह से ही अन्न, जल का त्याग कर चांद निकलने का इंतजार करने में लगी हुई हैं। व्रत रखने वाली युवतियां 16 शृंगार तो नहीं कर रहीं लेकिन हाथों में अच्छे वर की चाह में मेहंदी लगा रही हैं। युवती माधवी का कहना है कि वह दो वर्षों से इस व्रत को रख रही हूं।
पार्लर और स्टॉलों पर मेहंदी लगवाने के लिए लंबी कतारें लगी हुई थी कई महिलाएं घरों पर ही आसपड़ोस से मेहंदी लगाने वालों से मेहंदी लगवा रही थी। सुभाष मार्केट, टोपी बाजार में गत देर रात तक हाथों में मेहंदी सजवाने के लिए भीड़ लगह रही और गुरुवार को सुबह से ही मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं को लंबा इंतजार करना पड़ा। सुभाष मार्केट के बाहर मेहंदी लगाने वालों ने मनमाने दाम वसूला।
शृंगार के लिए करना पड़ रहा घंटों इंतजार
सो लह शाृंगार करने के लिए महिलाओं को ब्यूटी पार्लरों पर इंतजार करना पड़ा। इंतजार से बचने के लिए कई महिलाओं ने पहले ही बुकिंग करा दी और गुरुवार सुबह पार्लर के शटर खुलते ही यह हाथों में मेहंदी और चेहरे पर फेशियल कराने के लिए पहुंच गईं। ब्यूटी पार्लर संचालिका सोनाली का कहना है कि बुकिंग पहले से ही फुल हैं। इसलिए अब ग्राहकों को लौटा रहे हैं।
सास दे रहीं बहुओं का साथ
करवाचौथ पर गुरुवार को बहू का व्रत पूरा कराने के लिए सासों ने खास तैयारियां की हैं। बहू को तोहफे में देने के लिए साड़ी और कई प्रकार के उपहार लेकर आई हैं और काम में हाथ बंटा रही हैं जिससे बहू के हाथों की मेहंदी और मेकअप खराब न हो जाए। बहू और बेटी का करवाचौथ स्पेशल बनाने मां और सास सभी व्यस्त हैं। एक दिन पहले सरगी भेज दी है जिससे वह गुरुवार को व्रत रखकर पति की दीर्घायु की कामना कर सकें। गुरुवार रात को चांद का दीदार होने के बाद बहुएं सास और ननद को उपहार देकर आशीर्वाद प्राप्त करेंगी।