करवा चौथ आज, सजे बाजार, बढ़ी चहल-पहल

Oct 12 2022

ग्वालियर। शहर में इन दिनों फेस्टिव सीजन चल रहा है और इसका असर बाजारों में साफ देखने को मिल रहा है। आज गुरूवार को महिलाएं अपने पति की दीर्घायु को लेकर करवा चौथ का व्रत रखेंगी और पर्व को लेकर शहर के बाजारों के साथ-साथ मॉलों में सुबह से लेकर देररात तक भीड़-भाड़ देखने को मिल रही है।
महिलाएं अपनी पसंद के अनुरूप ज्वेलरी और अन्य सामान की खरीदारी करने के लिए बाजारों में पहुंच रहीं हैं तो वहीं पुरुष इस मौके पर अपनी पत्नी को गिट देने के लिए मॉल और प्रमुख बाजारों में गिट खरीद रहे हैं। 
यहां यह बताना भी जरूरी है कि पिछले दो साल से कोरोना काल के चलते पर्व और त्योहार की महज औपचारिकता हो रही थी और बाजारों में भीड़-भाड़ भी कम हो रही थी। इस साल कोरोना की कोई बंदिश ना होने के कारण लोग दिल खोलकर बाजारों में खर्च कर रहे हैं। हालांकि सभी सामान जेवरात और कपड़ों पर महंगाई का असर दिख रहा है पर पर्व को लेकर लोग महंगाई के बाबजूद दिल खोलकर खर्च करने में जुटे हुए हैं। यहां यह बताना भी जरूरी है कि प्रमुख बाजारों के साथ-साथ फुटपाथी बाजारों पर भी अच्छी- खासी भीड़ जमा हो रही है जिसके कारण कई स्थानों पर पूरी की पूरी रोड फुटपाथी दुकानदारों ने घेर कर रख ली है। 
व्यवसाईयों ने इस साल अच्छा व्यवसाय होने की उमीद में अपने-अपने प्रतिष्ठानों में नए-नए कलेशन सजाकर रखे हैं जो लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। एक ओर जहां सराफा बाजार में महिलाओं और युवतियों की पसंद की नए डिजायन की ज्वेलरी आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है वहीं दूसरी ओर कपड़ा मार्केट में भी अच्छे-अच्छे नए डिजाइन के कपड़े
व्यवसाईयों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सजाकर रखे हैं जिनकी खरीदारी सुबह से लेकर देर रात तक लोग कर रहे हैं। प्रमुख बाजारों के साथ-साथ शहर के प्रमुख मॉलों जिनमें बिग बाजार, वी मार्ट, विशाल, डीडी मॉल और डीबी मॉल में खरीदारों का सैलाब सा उमड़ रहा है।