एयर टर्मिनल के शिलान्यास के लिए वरिष्ठ नेताओं ने ली पार्टी की वृहद बैठक

Oct 12 2022

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री हितानंद शर्मा ने पार्टी की वृहद बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा कि 16 अक्टूबर को मेला प्रांगण में नए एयर टर्मिनल के भूमिपूजन समारोह को यादगार बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करें। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में लोगों की भागीदारी के लिए उनसे संपर्क करें और उन्हें बताएं कि किस प्रकार से भाजपा सरकार ग्वालियर के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
  श्याम वाटिका में भाजपा महानगर और ग्रामीण की संयुक्त वृहद बैठक में सभी प्रदेश, जिला एवं संभाग के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद थे। बैठक में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, पूर्व मंत्री माया सिंह, बीज निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, जिलाध्यक्ष अभय चौधरी तथा ग्रामीण जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा उपस्थित थे। पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया ने इस अवसर पर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अभय चौधरी का स्वागत करते हुए कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार ने ग्वालियर के विकास के लिए खजाने खोल दिए हैं। एलीवेटेड रोड के भूमिपूजन के बाद हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भूमिपूजन इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर के विकास को लेकर लगातार जो प्रयास हो रहे हैं उसके परिणाम आने वाले दिनों में लोगों को दिखेंगे। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि यह विकास का उत्सव है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को पीले चावल देकर कार्यक्रम के लिए आमंत्रित करें।
उन्होंने कहा इस समारोह में गृहमंत्री अमित शाह के अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित प्रदेश के मंत्रीगण उपस्थित रहेंगे। जिलाध्यक्ष अभय चौधरी ने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए भाजपा कार्यकर्ता तैयारियों में जुट गए हैं। सभी मंडलों की बैठकें आयोजित हो चुकी हैं। कार्यकर्ताओं में इस आयोजन को लेकर उत्साह है।