अनियंत्रित बस पलटी, एक दर्जन से ज्यादा घायल- घायल अस्पताल में और स्वस्थ यात्रियों को आगरा भेजा

Oct 12 2022

ग्वालियर। इंदौर से चलकर आगरा जा रही वीडियोकोच बस अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सिटी सेंटर स्थित होटल सनबीम के पास बुधवार की तड़के करीब पौने पांच बजे की है। घटना का पता चलते ही रात्रि गश्त में निकले अफसर व डायल 100 मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए पहुंचाया। वहीं जिन यात्रियों को मामूली चोट थी, उन्हें दूसरी बस से आगरा के लिए रवाना किया। 
विश्वविद्यालय थाना प्रभारी मनीष धाकड़ ने बताया कि बुधवार की तड़के इंदौर से आगरा जा रही बस क्रमांक यूपी 75 एटी 5447 जब सिटी सेंटर स्थित होटल सनबीम के पास पहुंची तो चालक से बस अनियंत्रित हो गई और स्पीड तेज होने के कारण पलट गई। पलटते ही बस ने सड़क किनारे खड़ी कार यूपी 80 ईएफ 3308 में टक्कर मारी, इसके बाद पास ही एक पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों की चींख-पुकार मच गई। 
मामले का पता चलते ही रात्रि गश्त में निकली महिला सेल डीएसपी हिना खान, एफआरवी पर पदस्थ प्रधान आरक्षक मुरारी यादव, हरवीर सिंह और पायलट जितेन्द्र यादव तथा अन्य प्वाइंट मौके पर पहुंचे और तुरंत ही बस में फंसे घायलों को बाहर निकलवा कर एम्बुलेंस व पुलिस वाहन से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। 
मौके पर पहुंची डीएसपी व अन्य पुलिसकर्मियों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और जो लोग स्वस्थ थे उन्हें दूसरी बस से आगरा के लिए रवाना कर दिया। 
जिस समय हादसा हुआ सड़कें सूनी थी और कुछ देर पहले तक वहां पर मार्निंगवॉक के लिए जाने वाले लोग खड़े थे और हादसे से मात्र दो मिनट पहले ही वहां से लोग निकले थे। अगर दो मिनट पहले हादसा होता तो घटना बड़ी हो सकती थी। 
डीएसपी महिला सेल हिना खान ने बताया कि  बस पलटने से करीब दस से पंद्रह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया है।