झगड़ा रोकने पहुंची पुलिस, पांच किलो गांजे के साथ बुजुर्ग दंपती सहित तीन पकड़े

Oct 10 2022

ग्वालियर। झगड़े की सूचना पर विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस के हाथ गांजा तस्कर लगे हैं। पुलिस ने बरसाती, साड़ी में छिपी हुई गांजे की खेप पकड़ी है। पकड़े गए तस्करों में बुजुर्ग दंपती व एक अन्य है। पुलिस ने तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुरानी छावनी थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह ने बताया कि सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में झगड़ा हो रहा है। सूचना पर पुलिसकर्मियों को रवाना की किया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही झगड़ा शांत हो गया था और पुलिस समझाइश देकर वापस आ रही थी कि तभी शनीचरा रोड पर बाइक क्रमांक एमपी 07 एमक्यू 8292 पर एक बुजुर्ग दंपती व युवक आते दिखे।
पुलिस को देखते ही बाइक सवार घबरा गया और बाइक मोड़कर जाने लगा तो पुलिस को शंका हुई और उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार ने बाइक को गति दे दी। जिस पर पुलिस ने पीछा कर उन्हें रोका और पूछताछ की तो पता चला कि वह भिण्ड के रहने वाले हंै। पूछताछ करने पर युवक व बुजुर्ग दंपती के बयानों में अलग-अलग बात मिली तो उनकी तलाशी ली, तब उनके पास से पांच किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला है कि वह भिण्ड से गांजे की खेप लेकर सप्लाई करते हुए आ रहे थे। इसका पता चलते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। 
पुलिस पकड़ में आए तस्करों की पहचान बालगोपाल पुत्र देशराज भदौरिया उम्र 56, ऊषा पत्नी बालगोपाल भदौरिया उम्र 52 साल और अरविन्द पुत्र मेवराम शर्मा निवासी गोवर्धन कॉलोनी के रूप में हुई। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है कि वह किससे गांजे की खेप लेकर आते हैं और कहां पर खपाते हैं।