बगैर हेलमेट दौड़ाई बाइक,150 के चालान

Oct 10 2022

ग्वालियर। बगैर हेलमेट दो पहिया वाहन चला रहे वाहन सवारों के खिलाफ सोमवार की सुबह से ही पुलिस ने अभियान शुरू कर दिया। मात्र एक घंटे में ही पुलिस ने डेढ सैकड़ा से ज्यादा के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर दी। इस दौरान पुलिस ने वाहन चालकों का एक भी बहाना नहीं सुना और उनके खिलाफ कार्रवाई की।
एएसपी मृगांखी डेका ने बताया कि लगातार हो रहे हादसों को रोकने और हेलमेट को प्राथमिकता से लागू कराने के लिए सोमवार की सुबह 11 बजे नदी गेट चौराहे पर दो पहिया वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया। जिसमें डीएसपी नरेश बाबू अन्नौटिया और यातायात थाना कंपू प्रभारी अभिषेक रघुवंशी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। एक घंटे में ही पुलिस ने डेढ़ सैकड़ा से ज्यादा दो पहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है और उनसे जुर्माना राशि वसूली है।
वाहन चालकों के खिलाफ हेलमेट अभियान की कार्रवाई लगातार चलेगी और तीनों सर्किल में अलग-अलग समय पर कार्रवाई की जाएगी। जिससे शहर भर में कार्रवाई हो सके।
कार्रवाई से पहले मोबाइल बंद
कार्रवाई करने आए अफसरों ने अभियान के शुरू करने से पहले ही अपने मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिए, जिससे कार्रवाई में किसी तरह का व्यवधान ना पड़े। साथ ही जिन वाहन चालकों ने मोबाइल पर बात कराने का प्रयास किया, उन्हें साफ शब्दों में वार्निंग दी गई कि बात कराने पर उनका मोबाइल जब्त कर लिया जाएगा।