ग्वालियर अंचल में सोमवार को हुई बारिश, फिर खोलने पड़े तिघरा डेम के गेट

Oct 10 2022

ग्वालियर। अंचल में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश हो रही है। रविवार रात व सोमवार सुबह हुई बारिश के बाद तिघरा डेम का पांच गेट सोमवार दोपहर में खोलना पडे। अफसरों के मुताबिक जरूरत पड़ी तो और भी गेट खोलने पड़ सकते हैं। क्योंकि ग्वालियर सहित घाटी गांव के जंगल में बारिश हो रही है और तिघरा डेम में और पानी आ सकता है। शनिवार की रात से लेकर रविवार की सुबह सात घंटे तक तिघरा के गेट खुले रहने के बाद तिघरा का जल स्तर फिर फुल टैंक लेवल पर पहुंच गया है। तीन साल बाद शनिवार को बांध के पांच गेट खोलकर लगभग डेढ़ माह का पानी डाउन स्ट्रीम में बहाया गया है। यह पानी बानमोर, पिलोआ और कोतवाल बांध में छोड़ा गया है। अब तिघरा में जुलाई 2023 तक का पानी उपलब्ध है, वहीं अंचल के अन्य बांध भी लबालब होने से शहर में अगले दो वर्षों तक पानी की दिक्कत नहीं होगी।
घाटीगांव के कैचमेंट क्षेत्र में झमाझम वर्षा होने के कारण शनिवार को तिघरा का जल स्तर एक ही दिन में तीन फीट भर गया था और अक्टूबर माह में पहली बार तिघरा बांध के गेट खोले गए। रात 12 बजे पहले द्वार नंबर तीन को खोला गया था, लेकिन उसके बावजूद जल स्तर कम नहीं होने पर दो और गेट खोल दिए गए। इसके बावजूद लगातार बांध में पानी आता रहा, जिसके चलते तीन बजे कुल पांच द्वार खोल दिए गए। इससे जल स्तर कम हो गया और 738.65 फीट पर पहुंच गया था। इसके बाद सुबह पांच से सात बजे तक एक गेट से पानी निकाला गया। सात बजे सभी द्वार बंद कर दिए गए, लेकिन रात आठ बजे तक कैचमेंट एरिया से पानी आता रहा और बांध का जल स्तर 739 फीट पर पहुंच गया है। ऐसे में जल संसाधन विभाग के अधिकारी अलर्ट पर हैं।