नशे में फिसली जुबान, दो हत्याओं का हुआ खुलासा

Oct 09 2022

ग्वालियर। नशे में जुबान फिसलने पर पत्नी और बेटे की हत्या का खुलासा हत्यारे ने कर दिया। मामले का पता चलते ही क्राइम ब्रांच एक्टिव हुई और दोबारा हत्यारे के लिए पार्टी का अरेजमेंट किया और सूचना की तस्दीक की। जब मामला क्लीयर हुआ तो क्राइम ब्रांच व दतिया पुलिस ने आरोपी राजा उर्फ शिवराज चौहान निवासी होरीपुरा दतिया हाल निवासी त्यागी नगर को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार कर लिया है। वहीं दतिया पुलिस घटनास्थल दतिया का होने पर आरोपी को दतिया लेकर रवना हो गई है। 
एएसपी क्राइम राजेश डंडोतिया ने बताया कि पत्नी और बेटे की हत्या करने वाले एक आरोपी को क्राइम ब्रांच व दतिया पुलिस ने दबोचा है। आरोपी ने दो साल पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या की थी और मार्च माह में अपने आठ वर्षीय बेटे की गला घोंटकर हत्या की थी। इसका पता चलते ही क्राइम ब्रांच व दतिया पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में उसे दबोच लिया है। 
पत्नी की गुमशुदगी नहीं है दर्ज
पुलिस ने जांच की तो पता चला कि आरोपी ने दो शादी की थीं, जिसमें पहली शादी आस्था उर्फ गुडिय़ा तथा दूसरी शादी मनीषा से की थी। आस्था से उसका एक बेटा शिवाजी आठ साल का है। वर्ष 2020 से आस्था उर्फ गुडिया लापता है, लेकिन आरोपी ने उसकी गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई है। 
आरोपी दो दिन पहले शराब पी रहा था और शराब पीते समय उसने अपनी पत्नीी और बेटे की हत्या की बात कही और कह रहा था कि वह दूसरी पत्नी की भी हत्या करेगा। उसकी यह बातचीत क्राइम ब्रांच के मुखबिर ने सुनी और क्राइम ब्रांच अफसरों को जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच अफसरों ने उसकी पार्टी का इंतजाम कराया और यहां पर पत्नी और बच्चे की बात छेडऩे पर उसने घटना को करना स्वीकार किया। मामले का खुलासा होते ही दतिया पुलिस से जानकारी मंगाई तो पत्नी के गायब होने और बेटे का मर्ग कायम होना पता चला। 
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ग्वालियर अमित सांघी, एसपी दतिया अमन सिंह राठौर ने कार्रवाई के लिए एएसपी क्राइम राजेश डंडोतिया, डीएसपी क्राइम ऋषिकेश मीना, एसडीओपी प्रियंका मिश्रा, टीआई क्राइम दामोदर गुप्ता, धवल सिंह, एसआई हिम्मत सिंह, एएसआई दिनेश सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक मनोज श्रीधरन, आरक्षक राहुल यादव, देवव्रत तोमर, महिला आरक्षक राखी को लगाया और पुलिस टीम ने आरोपी को दबोच लिया। 
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बेटे की हत्या उसने उड्नू की टोरिया के पास गला घोंटकर हत्या की थी और झाडिय़ों में उसकी लाश फेंक आया था। जबकि पत्नी आस्था को वह स्कूटर से रतनगढ़ की माता मंदिर पर ले गया था और जंगल में उसकी हत्या कर लाश को फेंक कर चला आया था। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने अपने दोस्त का स्कूटर लिया था।