भीम सिंह राणा छत्री प्रांगण में होटल निर्माण के विरोध में धरना दिया

Oct 04 2022

ग्वालियर। ग्वालियर किले पर स्थित महाराजा भीम सिंह राणा की छत्री प्रारंगण में मध्यप्रदेश पर्यटन निगम द्वारा होटल निर्माण कराए जाने के विरोध शुरु हो गया है। इस परिसर में होटल नहीं बनाए जाने की मांग को लेकर सर्वजातीय एक दिवसीय धरना फूलबाग चौराहे पर वरिष्ठ समाजवादी नेता रघु ठाकुर की अध्यक्षता में शुरु हुआ।
इस अवसर पर रघु ठाकुर ने कहा कि हम विकास के विरोधी नहीं है लेकिन जिस प्रकार के विकास सरकार करना चाहती है हम उसका विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि महाराजा भीम सिंह राणा के समाधि स्थल के आसपास की जमीन पर पर्यटन विभाग द्वारा होटल खोले जाने के लिए जो तैयारियां की जा रही है उसकी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह स्थल प्रेरणा स्थल है जहां से भूमिपुत्र प्रेरणा लेकर देश के लोगों का पेट भरने का काम कर रहे हैं। इस स्थल पर हर साल मेले का आयोजन होता है जिसमें हजारों लोग शामिल होने के लिए देशभर से आते हैं।
अगर इस स्थान को व्यवसायिक उपयोग के लिए दिया गया तो निश्चित रुप से यहां होने वाले आयोजन नहीं हो सकेंगे। इसलिए व्यावसायिक उपयोग के लिए पवित्र स्थल की बली नहीं होने दी जाएगी। 
धरने में पूरन सिंह राणा, नरेश कटारे, कल्याण सिंह गुर्जर, प्रेम सिंह पाल, शंभूदयाल बघेले, मुलायम सिंह, बृजेश सिंह किरार, नत्थालाल बाथम, जयंत तोमर, दशरथ सिंह, श्यामसुंदर सिंह यादव, शिवराज सिंह जाट दतिया, मंगल सिंह राणा, खलील खान, अशोक सुमन, सीताराम राय, सरदार गुरदीप सिंह, हरिओम अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।