आज दशहरा पर जगह-जगह होगा बुराई के प्रतीक का अंत, चल रही तैयारियां

Oct 04 2022

ग्वालियर। रावण दहन इस साल बाज बुधवार को होगा। इसको लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। 9 दिन माता की आराधना में उपवास पर थे। साथ ही जिन्होंने उपवास नहीं रखे थे वे भी इन दिनों कड़े-नियम कायदों के साथ चल रहे थे। सभी को दशहरे का इंतजार था। कारण यह है कि इस साल दशहरा बुधवार को है और यह ऐसा दिन है जिस दिन किसी प्रकार का कोई प्रतिबंध नहीं है। ऐसे में हर कोई अपने मनपसंद खान-पान का आनंद उठाएगा, जिन पर उसने नौ दिनों से दूरी बनाई हुई थी। कई लोग ऐसे भी हैं जो करीब एक माह से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। यह वो लोग थे जो अपने पुरखों को पानी देते हैं और इन लोगों ने कनागत शुरू होते ही अपने शौक से दूरी बना ली थी और रावण दहन के दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। 
दशहरा उत्सव मनाने के लिए हर कोई प्लानिंग में लगा हुआ है। किसे कहां पार्टी करनी है इसकी प्लानिंग के लिए आपस में चर्चा करने में लगे हुए हैं। वहीं खान-पान के लिए लिस्टें भी तैयार की जा रही हैं। कई परिवार होटल में दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ पार्टी का आनंद लेंगे। 
10 की माला बिक रही है 50 रुपए में 
मंगलवार को नवमी पर घर-घर में देवी पूजन हुआ और इस समय फूलों की जबरदस्त डिमांड है। ऐसे में फूलों के दाम बेतहाशा बढ़ गए हैं। आम दिनों में दस रुपए में मिलने वाली फूलमाला मंगलवार को 40 से 50 रुपए की बिकी। दशहरा पर्व पर हर व्यक्ति अपने वाहन, मशीन और शस्त्रों का पूजन करता है। इसके चलते दशहरे पर फूलों के साथ मालाएं भी खूब बिकती हैं।
दशहरे पर शहर में जगह-जगह फूलमालाएं बेचने वालों की दुकानें सुबह से सज जाती हैं और दिनभर इन पर मालाओं की बिक्री होती रहती है। मंडी में 20 रुपए प्रतिकिलो बिकने वाला गेंदा का फूल मंगलवार को 280 रुपए प्रतिकिलो बिका। कारोबारियों ने बताया कि आज बुधवार को इसके दाम और बढ़ जाएंगे। 
यहां लगी पुतलों की मंडियां
शहर में मुरार, दीनदयाल नगर, गोला का मंदिर, नाका चंद्रवदनी, कंपू, छप्परवाला पुल, फूलबाग और ठाटीपुर में पुतलों की मंडियां सज गई हैं। महंगाई होने के बाद भी त्योहारों की उमंग पर इसका कोई असर नहीं है। इस साल पुतले दोगुनी कीमत पर बेचे जा रहे हैं। पिछले साल की अपेक्षा घास, बांस और कागज के दामों में दोगुना इजाफा हुआ है।