शिव मंदिर में पूजा करते समय छात्र की हत्या

Oct 03 2022

ग्वालियर। छात्र सुबह साढ़े छह बजे मंदिर में दर्शन करने पहुंचा। शिवलिंग के सामने सिर झुकाते ही उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस और फॉरेंसिंक साइंस एक्सपर्ट मामले की जांच कर रहे हैं।
ग्वालियर में सीए की तैयारी कर रहे छात्र की सोमवार सुबह शिव मंदिर में हत्या कर दी गई। छात्र शिव मंदिर में भगवान की पिंडी पर सिर झुका रहा था, तभी उसके सिर पर पीछे से किसी ने धारदार हथियार से हमला किया। अचानक हमले से छात्र पिंडी के पास गिरा और वहां खून ही खून बिखर गया। जब लोग मंदिर पहुंचे, तो छात्र को लहूलुहान पड़ा देखा।
घटना गोल पहाडिय़ा पुलिस चौकी के ठीक सामने शिव मंदिर में हुई है। पुलिस ने छात्र के शव को निगरानी में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है। हत्या किसने की? क्या वजह रही? पुलिस इसका पता लगा रही है।
शहर के गोल पहाडिय़ा तिघरा रोड निवासी रिंकू उर्फ अमर रजक (26) पुत्र रामबाबू रजक सीए (चार्टट अकाउंटेंट) की तैयारी कर रहा था। वह सोमवार सुबह 6.30 बजे घर के पास ही पुराने शिव मंदिर में पूजा करने के लिए निकला था। कुछ देर बाद जब लोग यहां पहुंचे, तो देखा कि मंदिर में खून ही खून पड़ा है। छात्र का शव मंदिर में शिवलिंग के पास पड़ा था। मंदिर के ठीक सामने जनकगंज थाने की गोल पहाडिय़ा पुलिस चौकी है। तत्काल लोगों ने चौकी पर सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की पहचान होते ही परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट सीनियर साइंटिस्ट अखिलेश भार्गव को मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच की तो छात्र के सिर पर पीछे से हमला हुआ है। एक्सपर्ट ने भी जांच कर अपनी राय पुलिस को दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। छात्र की कॉल डिटेल भी देखेगी।पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।
आशंका, इस तरह हुई होगी हत्या...
छात्र का शव पुलिस को मंदिर में शिव की पिंडी के पास पड़ा मिला। पुलिस शुरुआती जांच में मान रही है कि जब छात्र मंदिर में सिर झुका रहा होगा, तभी किसी ने पीछे से सिर पर हमला किया होगा। हमला इतना फोर्स से किया गया था कि छात्र उछलकर मंदिर में शिवलिंग के पास गिर गया। शिवलिंग के चारों तरफ खून ही खून मिला है। करीब 20 से 30 मिनट तक छात्र यहां घायल पड़ा रहा होगा। ज्यादा खून बह जाने से उसकी मौत हो गई।
यह पुराना मंदिर है। यहां लोगों का ज्यादा आना-जाना नहीं रहता है, इसलिए देर से जब वहां स्थानीय लोग पहुंचे, तो घटना का पता लगा। मृतक परिवार में 2 भाई हैं। छात्र, बड़ा भाई अमित रजक और मां के साथ रहता था। पिता रामबाबू रजक का निधन पहले ही हो चुका है।
हत्या के पीछे क्या कारण हो सकता है?
पुलिस भी पता लगा रही है कि हत्या के पीछे क्या कारण है? छात्र के परिजन ने अभी तक किसी पर भी हत्या का आरोप नहीं लगाया है। पुलिस को आशंका है कि छात्र का किसी से लेनदेन हो सकता है या फिर कोई अफेयर का मामला हो सकता है। पुलिस उसके मोबाइल की डिटेल भी निकलवा रही है।
पुलिस हत्यारे तक पहुंचने के लिए आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है। सुबह होने के कारण कुछ दुकानें बंद थीं। दोपहर तक यहां से फुटेज मिल जाएंगे। इसके बाद साफ हो सकेगा कि छात्र के पीछे-पीछे कौन मंदिर तक गया था।