34.50 लाख रुपए लेकर शिवपुरी से भागा छात्र ग्वालियर में पकड़ा

Oct 01 2022

ग्वालियर। शिवपुरी के पोहरी से 34.50 लाख रुपए लेकर दोस्त के साथ भागा किसान का बेटा ग्वालियर के पड़ाव स्थित निधि गेस्ट हाउस में पकड़ा गया है। छात्र एक दिन पहले पोहर से पिता के जमीन बेचकर मिले रुपए लेकर फरार हो गया था। छात्र ने करीब 30 हजार रुपए खर्च कर दिए हैं। 33 लाख रुपए उसके बैग से बरामद हुए हैं।
शेष रकम उसका दोस्त लेकर निकल गया है। छात्र को ग्वालियर पुलिस ने शिवपुरी के पोहरी थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। छात्र ने ग्वालियर पुलिस को बताया है कि वह मुम्बई-गोवा जाने की तैयारी में था। वहां जाकर इन पैसों से अय्याशी करनी है। छात्र के मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। इतना कैश उसके पास था कि किसी को भनक लग जाती तो उसकी जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
शिवपुरी के पोहरी निवासी दिनेश सिंह कुशवाह किसान हैं। उन्होंने अपना एक खेत 36 लाख रुपए में बेचा है। इसमें से डेढ़ लाख रुपए उन्होंने किसी को दे दिए थे। पूरी डील कैश में हुई थी इसलिए जमीन बेचने पर मिले रुपए घर पर ही रख लिए थे, क्योंकि इस कैश से दिनशे को किसी अन्य स्थान पर दूसरी जमीन खरीदनी थी। 
गत दोपहर किसान का बेटा 18 वर्षीय गोलू कुशवाह जो की 12वीं का छात्र है घर से गायब हो गया। बेटे की तलाश शुरू की तभी पता चला कि वह घर में रखे 34.50 लाख रुपए भी अपने साथ ले गया है। इसका पता चलते ही परिजन पोहरी थाना पुलिस के पास पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। लापता छात्र ऊपर से लाखों रुपए के साथ गायब होने के मामले को पोहरी थाना पुलिस ने गंभीरता से लिया। तत्काल उसकी छानबीन की। छात्र की लोकेशन ग्वालियर के पड़ाव इलाके की मिली। 
शिवपुरी पुलिस ने तत्काल मामले की सूचना ग्वालियर पुलिस को दी। इस पर एसएसपी अमित सांघी ने तत्काल ग्वालियर के सभी थानों को अलर्ट किया। साथ ही पड़ाव स्थित सभी गेस्ट हाउस, धर्मशाला व होटलों में छानबीन करने के लिए कहा गया।
शनिवार को गेस्ट हाउस में सोता मिला
पड़ाव पुलिस रात से ही सभी होटल और गेस्ट हाउस के साथ ही लॉज और धर्मशाला में छात्र की तलाश कर रही थी। शनिवार दोपहर गोलू निधि गेस्ट हाउस में आराम करता मिला है। उसके पास से एक बैग में पुलिस को करीब 33 लाख 20 हजार रुपए मिले हैं। छात्र के पकड़े जाने की खबर मिलते ही शिवपुरी से पोहरी थाना पुलिस सब इंस्पेक्टर विनोद यादव के नेतृत्व में ग्वालियर पहुंची। छात्र और बरामद कैश को लेकर रवाना हो गई है।
पुलिस ने जब पूछा कि 33.20 लाख रुपए बरामद हो गए हैं। शेष रुपए कहां है तो पता लगा कि छात्र ने 24 घंटे में हर तरह की अय्याशी की है और उसमें 30 हजार रुपए खर्च कर दिए हैं। शेष रकम उसका दोस्त मोनू लेकर भाग गया है। उसका दोस्त नहीं भागता तो वह यह रकम लेकर मुम्बई और गोवा के लिए निकल जाते।
पकड़े गए छात्र से पूछताछ में यही पता लगा है कि उसके दोस्त ने कहा था कि इतने पैसे में मुम्बई और गोवा पहुंचकर जमकर मजे करेंगे। इसके बाद मुम्बई में सैटल हो जाएंगे। पर दोस्त गेस्ट हाउस में ठहराकर कहीं चला गया और लौटकर नहीं आया। वरना पुलिस के पहुंचने से पहले वह निकल गए होते।
एएसपी क्राइम राजेश दंडौतिरया ने बताया कि घर से रुपए लेकर आया एक छात्र गेस्ट हाउस में मिल गया है और उसके पास से करीब 33 लाख रुपए भी मिल गए है। उसके परिजन व शिवपुरी पुलिस को सूचना दे दी है। पोहरी थाना पुलिस छात्र को ले जा रही है।