महिलाओं के साथ ऐसा व्यवहार कि खुलकर करें बात-डी श्रीनिवास

Sep 26 2022

पनिहार थाने में हुआ एडीजी ने किया नवीन ऊर्जा डेस्क की शुरुआत

ग्वालियर। थाने आने वाली युवती, महिला किसी परेशानी में होने पर ही आपके पास आती है, इस समय आपकों उनके साथ ऐसा व्यवहार करना चाहिए कि वह अपनी बात खुलकर कह सकें। यह बात सोमवार को पनिहार थाने में नवीन ऊर्जा डेस्क का उद्घाटन करते हुए एडीजी डी श्रीनिवास ने मानव दुव्र्यापार निषेध जागरूकता सप्ताह के शुभारंभ पर कही। इस अवसर पर एसएसपी अमित सांघी सहित अन्य पुलिस अफसर मौजूद थे।
ऊर्जा महिला हेल्प डेक्स पर महिलाओं को हर संभव मदद मिलेगी। महिलाओं व युवतियों को जगह-जगह चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। ऊर्जा हेल्प डेस्क का मुख्य उद्देश्य पीडि़त महिलाओं की मदद करना है। ताकि वह अपनी शिकायत आसानी से कर सकें।
ऊर्जा डेस्क का उद्घाटन करने के बाद एडीजी डी श्रीनिवास व एसएसपी अमित सांघी सहित अन्य अफसरों ने यहां पर पौधरोपण कर पर्यावरण के लिए पुलिसकर्मियों को जागरूक किया। 
15 थानों में नवीन ऊर्जा डेस्क
शहर और देहात के पंद्रह थानों में नवीन ऊर्जा डेस्क बनाई जा रही है। जहां पर महिलाओं और युवतियों की परेशानी, शिकायत का निराकरण किया जाएगा। इस डेस्क का प्रभारी महिला सब इंस्पेक्टर रहेगी और महिला पुलिसकर्मी भी तैनात की जाएगी। महिलाओं और युवतियों की सहायता के लिए इस हेल्प डेस्क में पुलिस, विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, विधि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम, अनुसूचित जाति जनजाति और गैर सरकारी संगठन के साथ मिलकर काम करेगी।