तन्मयता व एकाग्रता से कार्य करने पर सफलता अवश्य मिलती है-प्रद्युम्न सिंह तोमर

Sep 25 2022

ग्वालियर। स्व. गोपालदास अग्रवाल स्मृति सेवा संस्थान द्बारा विभूति सम्मान समारोह का आयोजन चेम्बर ऑफ कॉमर्स में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विशिष्ट अतिथि के रूप में जीवाजी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर अविनाश तिवारी, पूर्व महाधिवक्ता, आरडी जैन, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष-विजय गोयल एवं सुप्रसिद्घ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वेणीमाधव शास्त्री मंचासीन थे।
विभूति सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि सेठ स्व. गोपालदास अग्रवाल के चरणों में नमन करते हुए मैं उन्हें अपना श्रद्घासुमन अर्पित करता हूं। आज उनकी स्मृति में मुझे इन विभूतियों को सम्मानित करने का अवसर प्रदान करने के लिए मैं उनके परिवारजन को आभार व्यक्त करता हूं। इन विभूतियों द्बारा किये गये उल्लेखनीय कार्यों के लिए आज हम उन्हें सम्मानित कर रहे हैं। यदि कार्य को तन्मयता व एकाग्रता से करेंगे तो सफलता जरूर मिलती है, इन विभूतियों ने ऐसा ही किया है, यदि हम अच्छे लोगों को सम्मानित करेंगे तो इससे और लोगों को प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि-प्रोफेसर अविनाश तिवारी, कुलपति जीवाजी विश्वविद्यालय ने अपने उद्बोधन में कहा कि मैं इस कार्यक्रम से यह नहीं समझ पा रहा हूं कि कौन सम्मानित हो रहा है और कौन सम्मानित कर रहा है। आज मुझे यहां इन विभूतियों को सम्मानित करने के लिए आमंत्रित किया गया है परंतु मैं स्वयं इन विभूतियों को सम्मानित करते हुए गौरवान्वित व सम्मानित महसूस कर रहा हूं। पूर्व महाधिवक्ता मप्र शासन आरडी जैन ने कहा आज ऐसा समय है कि लोग अपने माता-पिता को साथ में न रखकर वृद्घाश्रम में भेज देते हैं, ऐसे समय में अपने स्व. गोपालदास अग्रवाल के परिजन उनकी स्मृति में विभूति सम्मान समारोह का आयोजन कर रहे हैं, यह उनके संस्कारों को दर्शाता है। साथ ही हमें यह संदेश देता है कि हम अपने बुजुर्गों को भूले नहीं बल्कि उन्हें हमेशा याद रखें। आपने कहा कि स्व. गोपालदास जी अग्रवाल संकल्पवान व्यक्तित्व के धनी थे। 
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों द्बारा डॉ. जमाल युसूफ, वरिष्ठ हृदय रोग चिकित्सक, कु. अनुष्का शर्मा, कप्तान जूनियर गल्र्स क्रिकेट टीम, संगीताचार्य रवीन्द्रनाथ मण्डल, समाज सेवी विकास गोस्वामी एवं राकेश पाण्डे का उनके द्बारा किये गये उल्लेखनीय कार्यों के लिए शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं मार्ल्यापण कर सम्मान किया गया। कु. अनुष्का शर्मा की अनुपस्थिति में उनके माता-पिता-श्रीमती शर्मा एवं ब्रजमोहन शर्मा द्बारा ग्रहण किया गया। 
कार्यक्रम का संचालन कर रहे स्व. गोपालदास अग्रवाल स्मृति सेवा संस्थान के सचिव-डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने सम्मानित विभूतियों के उल्लेखनीय कार्यों से उपस्थितजनों को अवगत कराया।