किले की परिक्रमा लगाकर गुरुद्वारा पहुंची शब्द चौकी

Sep 24 2022

ग्वालियर। बंदी छोड़ दिवस के उपलक्ष्य में किला स्थित दाता बंदी छोड़ गुरुद्वारे पर अरदास करने वालों की सुबह से भीड़ लगी रही। गुरुद्वार पर श्री अखंड पाठ साहिब का पाठ किया गया। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग गुरुद्वारा पहुंचे और गुरू के सामने मत्था टेका। शनिवार सुबह 4.30 बजे से शब्द चौकी गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ से किले की परिक्रमा के लिए रवाना हुई। यह शब्द चौकी विनय नगर, नूरगंज और फूलबाग गुरुद्वारा होते हुए वापस गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ पहुंची। रात को यहां पर विशेष दीवान सजेंगे। इसमें प्रसिद्ध रागी और ढाडी जत्थे संगत कर गुरु का सुमिरन करेंगे। 
शनिवार सुबह 8 बजे श्री अखंड पाठ साहिब के दीवान सजे। उल्लेखनीय है कि सन् 1619 में दीपावली के दिन सिखों के 6वें गुरु हरगोविंद सिंह को रिहा किया गया था। मुगल बादशाह जहांगीर ने उन्हें 52 राजाओं के साथ ग्वालियर दुर्ग (किले) पर बंदी बनाया था, सभी को गुरु हरगोविंद के कहने पर रिहा किया गया था, तभी से दीपावली से पूर्व बंदी छोड़ दिवस मनाया जाता है।