ग्वालियर-शिवपुरी हाइवे पर पकड़ा डोडा-चूरा से भरा ट्रक-1900 किलोग्राम डोढ़ा चूरा किया बरामद

Sep 24 2022

ग्वालियर। ग्वालियर-शिवपुरी हाइवे पर डोडा-चूरा से भरा ट्रक पुलिस ने पकड़ा है। ट्रक में लाखों रुपए का डोडा-चूरा लेकर तस्कर ग्वालियर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान इन्हें ग्वालियर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पकड़ लिया। अभी तस्करों से पूछताछ चल रही है। पुलिस ने इनके पकड़े जाने का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। इनसे रातभर पूछताछ चलती रही। यह लोग ग्वालियर-मुरैना के रास्ते नशे का सामान दूसरे राज्यों में पहुंचाते हैं। एक महीने में यह तीसरा मौका है, जब इतनी बड़ी मात्रा में सूखे नशे का सामान ग्वालियर पुलिस ने पकड़ा है। इससे पहले दो बार गांजे की बड़ी खेप पकड़ी थी। एक बार नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम के साथ दतिया के टोल पर ट्रक पकड़ा, फिर गांजे से भरा ट्रक और आठ तस्कर व एक स्कार्पियो चिरवाई नाके से पकड़ी। पिछली बार पकड़े गए एजेंटों से मिले इनपुट पर ही यह कार्रवाई भी की गई है।
गत देर रात को एसएसपी अमित सांघी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दक्षिण भारत से गांजे की बड़ी खेप ग्वालियर आ रही है। सूचना मिलते ही एसएसपी अमित सांघी ने क्राइम ब्रांच के डीएसपी ऋषिकेष मीणा, डीएसपी रत्नेश सिंह तोमर और क्राइम ब्रांच प्रभारी दामोदर गुप्ता के नेतृत्व में तीन टीमें लगाई। टीमों ने घेराबंदी शुरू की। ट्रक के बारे में पुलिस को पता लग गया था। 
ग्वालियर-शिवपुरी हाइवे पर मोहना के पास ट्रक की घेराबंदी कर रोक लिया। जब तलाशी ली तो इसमें गांजा नहीं बल्कि डोडा-चूरा भरा हुआ था। चालक ने भागने की भी कोशिश की लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। रातभर इन लोगों से पूछताछ चलती रही। इन लोगों ने बताया कि जो नशे के सौदागर हैं, वह हाइवे स्थित ढाबे, रेस्टोरेंट में इसकी सबसे ज्यादा सप्लाई करते हैं। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश तक डोडा-चूरा सप्लाई हो रहा है। यहां से बड़ीमात्रा में लाया जाता है, क्योंकि सस्ता मिलता है।