प्रियंका पॉलिमर्स जूता फैक्ट्री में आग लगी, फोम-केमिकल से बिल्डिंग चपेट में आई

Sep 24 2022


कर्मचारियों ने छत से कूदकर बचाई जान
ऊर्जा मंत्री, महापौर सहित प्रशासनिक अमला पहुँचा मौके पर 
नगर निगम के साथ ही बामौर, टेकनपुर व मालनपुर की फायर गाडिय़ां भी बुलाईं 

ग्वालियर। शहर के हजीरा क्षेत्र के पुराने औद्योगिक क्षेत्र में स्थित तलवार वाले बाड़े में संचालित जूते की फैक्ट्री में शनिवार दोपहर 1:30 बजे अचानक आग लग गई। जब तक आग का पता चलता, उसने भयानक रूप ले लिया था। सूचना मिलते ही नगर निगम का फायर अमला मौके पर पहुँचा। इसके साथ ही आग पर काबू पाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई।
फैक्ट्री में जूता-चप्पल बनाने के लिए प्लास्टिक, फॉम व केमिकल भरा था। कुछ ही मिनटों में आग फैक्ट्री में फैल गई। अंदर 25 के करीब कर्मचारी फंसे थे। जैसे ही, आग बढऩे लगी, तो वह छत की तरफ आए। आसपास कूदकर जान बचाई। अंदर आग से किसी के भी झुलसने की खबर नहीं है। हड़बड़ाहट में कुछ लोगों के गिरने से मामूली चोट जरूर लगी है। 
सूचना पर पुलिस और फायर बिग्रेड मौके पर पहुंच गई। आग का विकराल रूप को देखते हुए मालनपुर और एयरफोर्स से भी मदद मांगी गई है। पुलिस का दावा है कि सभी मजदूर सुरक्षित निकाल लिए गए हैं।
करीब एक दर्जन से ज्यादा फायर बिग्रेड पानी डाला जा चुका था। पुलिस अफसरों का कहना था कि मालनपुर और एयरफोर्स से भी फायर बिग्रेड के लिए कॉल किया गया। क्योंकि आसपास भी काफी फैक्ट्री हैं।
देर शाम एयरफोर्स से फोम फायर बिग्रेड आई तब जाकर आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने से कितने का नुकशान हुआ है यह पता नहीं चल सका है।
हजीरा बिरला नगर इंडस्ट्रियल एरिया में प्लॉट नंबर-21 पर प्रियंका पॉलिमर्स नाम से जूता-चप्पल बनाने की फैक्ट्री है। फैक्ट्री संचालक अमित सूरी हैं। शनिवार को फैक्ट्री में काम चल रहा था, तभी जहां जूते-चप्पल बनाने के लिए माल भरा था, वहां से आग लग गई। कोई कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग मिनटों में फैक्ट्री में फैल गई। गेट के पास से आग तेजी से भड़क रही थी। अंदर रखे केमिकल व फोम और प्लास्टिक से आग और भड़क गई।
अंदर काम कर रहे कर्मचारियों ने तत्काल फैक्ट्री मालिक को सूचना दी। साथ ही, पुलिस और दमकल दस्ते को कॉल किया। पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल दस्ता भी फायर बिग्रेड को लेकर पहुंच गया। तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। 20 मिनट के अंदर शहर की सभी फायर बिग्रेड मौके पर पहुंच गई थीं। आग को बुझाने के प्रयास जारी थे।
पता चला है कि आग लगने के समय फैक्ट्री में काम चल रहा था। अंदर 25 के करीब कर्मचारी फंसे थे। जैसे ही, आग बढऩे लगी, तो वह छत की तरफ आए। आसपास कूदकर जान बचाई। अंदर आग से किसी के भी झुलसने की खबर नहीं है। हड़बड़ाहट में कुछ लोगों के गिरने से मामूली चोट जरूर लगी है। 
त्योहार के सीजन के चलते भरा था माल
बताया गया है कि आज सोमवार से नवदुर्गा उत्सव के चलते त्योहार सीजन की शुरुआत हो जाएगी। दीपावली और उसके बाद सहालग है, इसलिए प्रियंका पॉलिमर्स के मालिक ने नया स्टॉक मंगाया था। फैक्ट्री में काफी मात्रा में रॉ मटेरियल और तैयार प्रोडक्ट रखा था, जो आग में जल गया है।
फैक्ट्री मालिक के रिश्तेदार नरेश कुमार ने बताया कि यह तो नहीं बताया जा सकता कि आग कैसे लगी। अंदर कितना माल जलकर राख हो गया है। पर उन्होंने यह जरूर कहा कि घटना में कोई जनहानि नहीं है। सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं।
अग्नि दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, एसएसपी अमित सांघी, एडीएम इच्छित गढ़पाले, नगर निगम के अपर आयुक्त अतेन्द्र सिंह गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुँचे। अग्नि दुर्घटना पर तत्काल काबू पाने के लिये सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। अग्नि दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। 
नगर निगम के फायर ऑफीसर विवेक दीक्षित ने बताया कि नगर निगम की फायर गाडिय़ों ने लगभग 25 चक्कर लगाकर अग्नि दुर्घटना पर काबू पाने की कार्रवाई की। इसके साथ ही मालनपुर, टेकनपुर और बामौर की फायर गाडिय़ां भी आग पर काबू पाने के लिये बुलाई गईं। यह भी बताया गया है कि जिस फैक्ट्री में आग लगी है, वहाँ पर जूते निर्माण का कार्य किया जाता था। जिसमें प्लास्टिक का उपयोग भी होता था। फायर अमले ने अग्नि दुर्घटना पर काबू पा लिया है।