शारदे नवरात्रि 26 से तैयारियां शुरू, प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे रहे

Sep 23 2022

ग्वालियर। इन दिनों शहर में जहां पितृ पक्ष के तहत लोग अपने पितरों को तर्पण कर उनका श्राद्ध कर रहे हैं वहीं दो दिन बाद शुरू होने वाले शारदे नवरात्रि महोत्सव की भी तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। शहर के सभी प्रमुख माता मंदिरों के अलावा शहर के विभिन्न चौराहों व गली-मौहल्लों में लोग आदिशक्ति मां दुर्गा के आगमन की तैयारियां में जुट गए हैं। एक ओर जहां मंदिरों पर आकर्षक विद्युत सजावट व पुताई का कार्य जोर-शोर से चल रहा है वहीं दूसरी ओर चौराहों पर पंडाल सजाने का कार्य भी जोर-शोर से चल रहा है।
नौ दिवसीय शारदे नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ 26 सितंबर से होने जा रहा है। शहर के प्रमुख माता मंदिर मांडरे की माता,वैष्णो देवी माता मंदिर, भेलसा वाली माता मंदिर, काली माता मंदिर, करौली माता मंदिर, बीजासेन माता मंदिर, पहाड़ा वाली माता मंदिर, मंशापूर्ण माता मंदिर सहित शहर के अन्य माता मंदिरों पर नवरात्रि महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में चल रहीं हैं। वहीं शहर के अनेक मंडलों द्वारा आदिशक्ति मां के दरबार सजना प्रारंभ हो गया है। शहर के प्रमुख चौराहों पर मंडल के कार्यकर्ता आदिशक्ति मां दुर्गा की प्रतिमाओं को स्थापित करने के लिए पंडाल में लाइटिंग की तैयारी की जा रही है।
उधर नवरात्रि में आदिशक्ति मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर आदिशक्ति मां दुर्गा की प्रतिमाओं को मूर्तिकार अंतिम लुक प्रदान करने में जुटे हुए हैं। सुबह से लेकर देररात तक मूर्तिकार अपने परिवार के साथ मूर्तियों को अंतिम टच देने में लगे हुए हैं।