सुबह से ही आसमान में छायी घटाएं शहर में रिमझिम होकर बरसी

Sep 20 2022

ग्वालियर। सावन सूखा निकलने के बाद भादों में हुई बारिश का सिलसिला आश्विन माह में रुक-रुक कर जारी है। बंगाल की खाड़ी में निर्मित हो रहे चक्रवात का असर ग्वालियर में नजर आ रहा है। सुबह से ही आसमान में छायी घटाएं शहर में रिमझिम होकर बरस रही हैं। इस बारिश ने लोगों को सुकून दिया है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में निर्मित पश्चिमी विक्षोभ के साथ बीती रात तक उत्तरभारत के रास्ते अंचल में एक्टिव होने से आगामी तीन दिनों तक मानसूनी विदाई की बारिश देखने को मिलेगी। आगामी 72 घंटे बारिश के अलर्ट के चलते होने वाली बारिश से अंचलवासियों को गर्मी से पूरी तरह से राहत मिल जाएगी।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बीते रोज अधिकतम पारा 34.1 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से अधिक रहा। बीती रात न्यूनतम पारा बादलों की आवाजाही के चलते एक डिग्री बढ़कर 25.2 डिग्री दर्ज किया गया।
सिस्टम के पूर्वी उत्तर प्रदेश में शिफ्ट होने व बीते रोज सोमवार की दोपहर शहर में हुई खण्ड वर्षा के साथ ही लोकल हीटिंग के कारण आसमान में बादलों की आवाजाही शुरु हो गई थी। बीते रोज जहां अधिकतम पारा खामोश रहा वहीं बादलों के चलते रात का पारा एक डिग्री जा बढ़ा। बीते चौबीस घंटों के दौरान गर्मी व गुलाबी ठंडक का मिलाजुला असर रात से आज सुबह तक देखने को मिला। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी तीन दिनों तक अंचल हल्की बारिश को दौर चलने से गर्मी से राहत मिलेगी।