बरसते पानी के बीच एनसीसी ओटीए में रंगारंग दीक्षांत परेड संपन्न

Sep 20 2022

ग्वालियर। देश की एक मात्र महिला अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी एनसीसी ग्वालियर स्टेशन बजरिया मुयालय पर मंगलवार को दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया। ग्वालियर के ऐतिहासिक तथा गौरवशाली परिसर में बरसते पानी में एएनओस की रंगारंग दीक्षांत परेड संपन्न हुई। इस दीक्षांत परेड में देश भर के विभिन्न राज्यों से 128 प्रशिक्षणार्थियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्हें प्रशिक्षण के उपरांत रैंक प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि एएनओस सैन्य संस्थान तथा विभिन्न विद्यालयों महाविद्यालयों के बीच की एक आवश्यक कडी होती है। 
भारत के विभिन्न राज्यों से प्रशिक्षण के लिए आई 128 प्रशिक्षणार्थियों ने 45 दिवसीय कोर्स  सफलतापूर्वक पूरा किया जिसमें विभिन्न प्रकार के सैन्य प्रशिक्षण जिसमे बेसिक सैन्य प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, उपदेशक कौशल, मैप रीडिंग, फायरिंग ड्रिल, एडवेंचर, खेल-कूद, कैम्प प्रशिक्षण, योगा तथा  एनसीसी विषयों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
अफसर प्रशिक्षण अकादमी, ग्वालियर सम्पूर्ण देश में एकमात्र ऐसा संस्थान है जहां महिला अफसर, सहायक एनसीसी अफसर तथा बालिका कैडेट्स अनुदेशक का प्रशिक्षण होता है। अपर महानिदेशक एके महाजन ने  कोर्स में सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त करने वाली  प्रशिक्षार्थियों को पुरस्कार प्रदान किये। कमीशन प्राप्त करने के उपरांत महिला एनसीसी अधिकारियों को राष्ट्रीय ध्वज के समक्ष लेफ्टिनेंट  कर्नल सुधीर परमार, प्रशिक्षण अधिकारी एवं मेजर प्रतिभा तिवारी, अतिरिक्त प्रशिक्षण अधिकारी द्वारा शपथ दिलवाई। 
इस अवसर पर कनिष्ठ स्कन्ध की मेरिट क्रम में प्रथम आने पर एनसीसी महानिदेशक का प्लेक ऑफ ऑनर एवं  कमांडेंट का स्वर्ण पदक महाराष्ट्र निदेशालय की केयर टेकर ऑफिसर चंचल शर्मा को प्रदान किया गया। कोर्स में सर्वश्रेष्ठ एएनओ होने के लिये एनसीसी महानिदेशक ट्राफी दिल्ली निदेशालय की केयर टेकर ऑफिसर जयंती दीवान को प्रदान किया गया।
 एनसीसी विषयों में सर्वश्रेष्ठ एएनओ आने के लिए के लिए शर्मा कप दिल्ली निदेशालय की केयर टेकर ऑफिसर जयंती दीवान को प्रदान किया गया। स्पेशल विषयों में सर्वोत्तम प्रदर्शन के लिये कमांडेंट का स्वर्ण पदक ओडीशा निदेशालय की केयर टेकर ऑफिसर करूना तिवारी को प्रदान किया गया। वहीं परेड को कमान करने के लिये कमांडेंट का स्वर्ण पदक महाराष्ट्र निदेशालय की केयर टेकर ऑफिसर चेतना नामदेव पाटिल को प्रदान किया गया। वहीं चेम्पियनशिप बैनर अहिल्याबाई कंपनी को प्रदान किया गया जिसे उत्तरप्रदेश निदेशालय की थर्ड अफसर रीना शर्मा ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए अपर महानिदेशक मप्र एवं छत्तीसगढ निदेशालय मेजर जनरल एके महाजन, ने एएनओस से एनसीसी नियमों पर अमल करने एवं एनसीसी कैडेट्स को उचित मार्गदर्शन करने का आह्वान किया।
दीक्षांत परेड में एनसीसी ओटीए ग्वालियर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनयमोहन शर्मा के साथ अकादमी के उपकमांडेंट कर्नल अजय प्रभाकर, लेफ्टिनेंट कर्नल सुधीर परमार, प्रशिक्षण अधिकारी एवं अन्य अफसर भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर अकादमी की तीसरी पत्रिका का विमोचन भी अपर महानिदेशक एके महाजन, कमांडेंट विनय मोहन शर्मा ने किया। वहीं महार रेजीमेंट के ब्रास बैंड ने अपनी मधुर धुन पर कई आकृतियां बनाकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।