दोस्त से बेटी की शादी के नाम पर छह लाख लेकर फरार हुआ आरोपी पकड़ा

Sep 19 2022

ग्वालियर। दोस्त से बेटी की शादी के नाम पर सवा छह लाख रुपए ठगकर फरार हुए रिटायर रेलवे कर्मचारी को पड़ाव थाना पुलिस ने मुरैना में उसके घर से दबोचा है। आरोपी पिछले तीन साल से मामला दर्ज होने के बाद से फरार था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पड़ाव थाना प्रभारी विवेक अष्ठाना ने बताया कि काल्पी ब्रिज कॉलोनी निवासी घनश्याम वर्मा पुत्र रामअवतार वर्मा ट्रांसपोर्टर है और रेलवे कॉलोनी निवासी रमेश चंद्र खरे पुत्र चंदन लाल खरे से उनकी मित्रता थी। कुछ साल पहले घनश्याम की मित्रता रमेश से हुई, क्योंकि रमेश के ट्रक स्टेशन पर माल जुलाई में लगे थे। अच्छी मित्रता होने के बाद रमेश ने घनश्याम को बताया कि उसे बेटियों की शादी करनी है और अभी पैसों का इंतजाम नहीं है। उसने कहा अगले साल वह रिटायर्ड हो रहा है तो उसे लाखों रुपए मिलेंगे, इसलिए वह उसकी मदद कर दे और अगले साल वह उसके पैसे वापस कर देगा। दोस्ती होने पर उसे विश्वास था और उसने साढ़े छह लाख रुपए रमेश को दे दिए।
पैसे लेते समय रमेश नै घनश्याम को एक चेक दिया था। उसके गायब होने व संपर्क न होने पर घनश्याम ने चेक बैंक में लगाया तो चेक बाउंस हो गया। चेक बाउस होने के बाद उसने 138 के तहत न्यायालय में आवेदन किया। जिस पर न्यायालय ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया और पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि रमेश मुरैना का रहने वाला है और यहां पर पुलिस ने दबिश दी तो वह नहीं मिला। 
इसके बाद से ही पुलिस उसके घर की निगरानी कर रही थी। सोमवार को जब वह तीन साल बाद घर आया तो एसआई मुकेश शर्मा, प्रधान आरक्षक प्रमोद शर्मा, आरक्षक संजीव यादव उसके घर पहुंचे और उसे दबोच लिया। विजय भदौरिया सीएसपी इंदरगंज ने बताया कि चेक बाउस के मामले में फरार रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी को मुरैना से दबोचा है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।