लाल फीती बांध कर अदालत पहुंचे वकील, जताया विरोध

Sep 19 2022

ग्वालियर। उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ के आह्वान पर अभिभाषकों ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की घोषणा के बाद भी इसे लागू नहीं किए जाने पर सोमवार को लाल फीती बांधकर अपना विरोध जताया। अभिभाषकों ने अदालतों में लाल फीती लगाकर काम किया। संघ के अध्यक्ष अतिरिक्त महाधिवक्ता एमपीएस रघुवंशी एवं अध्यक्ष दिलीप अवस्थी के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने प्रोटेक्शन एक्ट जल्दी लागू किए जाने की मांग को लेकर उच्च न्यायालय परिसर में ज्ञापन भी सौंपा।
सचिव दिलीप अवस्थी ने कहा कि अभिभाषकों पर लगातार हमले बढ़ रहे हैं। इसलिए अधिवक्ता प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की पंचायत में मुख्यमंत्री ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की घोषणा की थी। इस घोषणा पर अभी तक अमल नहीं हुआ है। इसलिए अधिवक्ताओं ने विरोध स्वरूप लाल पट्टी बांधकर अदालतों में काम करने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि यह हमारी सरकार को चेतावनी है, अगर एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट शीघ्र लागू नहीं हुआ तो अधिवक्ता अगला कदम उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता नहीं चाहते हैं कि अदालतों का काम प्रभावित हो, इसलिए उन्होंने लाल फीती बांध कर विरोध का निर्णय लिया है। 
संघ ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट शीघ्र लागू किए जाने की मांग करते हुए कहा कि अगर विरोध का सकारात्मक परिणाम नहीं आया तो हम आंदोलन की राह पर जा सकते हैं। एक्ट के लागू नहीं होने से दुश्मनी के तहत अधिवक्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं। इसलिए इस एक्ट का लागू होना जरुरी है।