कोसा कालोनी भीमनगर में पानी की समस्या को लेकर लोगों ने किया चक्काजाम

Sep 19 2022

ग्वालियर। मुरार के वार्ड क्रमांक 28 स्थित कोसा कालोनी भीमनगर में रहने वाले लोगों ने पानी की समस्या को लेकर चक्काजाम कर दिया और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रहवासियों का कहना है कि पिछले डेढ़ साल से अधिक समय से यहां पानी की समस्या है पर इस्र ओर आज तक किसी जनप्रतिनिधि ने ध्यान नहीं दिया जिससे लोगों को पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता है। चक्काजाम के कारण देखते ही देखते वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई।
रहवासियों ने बताया कि एक साल पहले स्थानीय विधायक डॉ.सतीश सिकरवार को भी एक पत्र देकर नई बोर निर्मित करने की मांग की गई थी। इसके अलावा स्थानीय पार्षद से लेकर नगर निगम के अधिकारियों तक से शिकायत की लेकिन आज तक सुनवाई नहीं हुई। जिसके कारण मजबूरन रहवासियों को धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम करना पड़ा।
इस क्षेत्र में एक हजार लोग निवास करते हैं और पानी की व्यवस्था ना होने के कारण इन्हें दूर-दूर से पानी लाना पड़ता है। इतना ही नहीं पानी के लिए लोगों को अपनी मजदूरी तक गंबानी पड़ रही है। आक्रोशित लोगों ने कहा कि जब तब पानी की व्यवस्था का ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा तब तक जाम नहीं खुलेगा।