सुबह से खिली धूप, लोकल हीटिंग से ही होगी बारिश

Sep 18 2022

ग्वालियर। बीते रोज शाम को हुई हल्की बारिश के बाद मौसम में घुली ठंडक का अहसास रविवार सुबह निकली धूप के बाद भी घरों के बाहर निकले लोगों को होता रहा है। लोकल हीटिंग का असर खत्म होते ही रविवार सुबह से सूर्य देवता के दर्शन होने के साथ ही दिन चढऩे के बाद भी सूरज की तपिश गायब रहने से लोगों को गर्मी से राहत रही।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आकार ले रहा है जो कि आगे बढ़कर 21 सितंबर की शाम को अंचल को हिट करेगा। इस नए सिस्टम के असर के चलते एक बार फिर अंचल में मानसूनी विदाई की बारिश देखने को मिलेगी।
ग्वालियर संभाग के ऊपर बना निम्न दाब का क्षेत्र शिफ्ट होते ही बादलों के रुखसत होते ही मौसम शुष्क होते ही रविवार सुबह से ही धूप खिली हुई थी। दिन चढऩे के साथ ही पारे की चाल भी बढ़ती दिखी। अंचल के मौसम को लेकर मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी दो दिनों तक अंचल के मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। जहां दिन में अधिकतम पारा बढ़ेगा वहीं रात में उत्तर भारत से नमी लेकर आने वाली ठंडी हवा के चलते रात का पारा स्थिर रहने से रात में गर्मी से राहत का दौर आगे भी बना रहेगा। वहीं आगामी दो दिनों तक केवल लोकल हीटिंग के चलते ही एक्टिव होने वाले सिस्टम से ही बारिश की संभावना है।