महिला पर तलवार लेकर दौड़ा बदमाश जान बचाने भागी तो तलवार फेंककर मारी

Sep 18 2022

ग्वालियर। बाजार से सामान खरीद कर घर लौट रही महिला के ऊपर एक बदमाश ने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर तलवार से हमला कर दिया। महिला ने भागकर जान बचाई। बदमाश के साथ आए अन्य लोग हाथों में कट्टा, डंडे लिए थे। एक बदमाश ने कट्टे से फायर करने का प्रयास किया, लेकिन कट्टा नहीं चला। घटना न्यू जीवाजी नगर थाटीपुर की बताई गई है।
वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
थाटीपुर स्थित न्यू जीवाजी नगर में रहने वाली 34 वर्षीय महिला आनंदीबाई पर एक बदमाश ने तलवार से हमला कर दिया। महिला ने भाग कर जान बचाई। वहीं, लाठी डंडे और कट्टे के लिए के साथ आए एक बदमाश ने कट्टा निकालकर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन फायर नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि महिला आनंदी बाई के पति भगवान सिंह सेना से रिटायर हैं। 
जब महिला के ऊपर हमला हुआ, वह घर से बाहर गए थे। घटना पास ही के घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। महिला थाटीपुर थाने में मामले की शिकायत की है। हमले का कारण सिर्फ रास्ते से निकलने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में महिला बाजार से आते दिख रही है। उसके दरवाजे पर पहुंचते ही एक युवक आता है। दरवाजे पर लातें मारता है। इसके बाद महिला से मारपीट करने लगा है। उसे दो बार धक्का देता है। फिर पीछे से तलवार निकालकर महिला के पीछे दौड़ता है। इसी समय महिला खतरे के महसूस कर दौड़ लगा देती है। आरोपी उसके पीछे तलवार फेंककर मारता है। यहां कुछ लोग उसे पकड़ लेते हैं। इसी बीच, हमलावर का एक साथी बार-बार महिला के घर के सामने कट्टा तानकर फायर करने का प्रयास करता है।
पीडि़त आनंदी बाई का कहना है कि रविवार सुबह वह घर का सामान खरीदने के लिए बाजार गई थी। सामान खरीदकर जब वह घर वापस लौट रही थी, तो उसका पीछा करते हुए दलवीर उर्फ बल्लू आ गया। वह उसके दरवाजे पर आकर गाली गलौज कर लात मारने लगा, जब उसने इसका विरोध किया तो बदमाश दलवीर धक्का देकर तलवार निकालकर उस पर हमला करने दौड़ा। हमले से बचने के लिए भागी तो दलबीर ने तलवार फेंक कर मारी, लेकिन वह बच गई।
इस मामले में एडिशनल एसपी राजेश दंडौतिया का कहना है कि महिला के ऊपर बदमाशों द्वारा हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। महिला की शिकायत पर बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही बदमाशों को हिरासत में ले लिया जाएगा।