कस्तूरबा तिराहे से कंपू थाने तक की सड़क गड्ढों से अशोभित

Sep 18 2022

ग्वालियर। कंपू से गुड़ा गुड़ी का नाका होते हुए शिवपुरी लिंक से जोडऩे वाली सड़क का कस्तूरबा तिराहे से कंपू थाने तक 500 मीटर सड़क का टुकड़ा गड्ढों से अशोभित है। और दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। इसी मार्ग से शहर भर के स्कूलों, कॉलेजों की हजारों बसें गुजरती है। इस सड़क के टुकड़े पर कस्तूरबा गांधी विश्रांति भवन, इंदिरा गांधी कामकाजी महिला आवास गृह, सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर, ज्ञान मंदिर विद्यालय, कंपू थाना सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव का बंगला भी है। और इस क्षेत्र की पार्षद बंदना संजय यादव, विधायक प्रवीण पाठक और महापौर शोभा सतीश सिकरवार कांग्रेस की ही हैं। 
लेकिन मजाल है कि कोई जनप्रतिनिधि इस महत्वपूर्ण सड़क के टुकड़े की दुर्दशा को दुरस्त करा सका हो। स्थानीय निवासी वरुण राज चौधरी, जेपी शर्मा, हेमंत चौधरी का कहना है कई बार जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारियों को सड़क से होने वाले आवागमन की समस्या से अवगत करा चुके है। लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ भी हाथ नहीं लगा है। वह जनप्रतिनिधियों को निकम्मा करार देते हुए उन्हें चुनकर ठगा सा महसूस कर रहे हैं।