सिलेण्डरों से भरा ट्रक उड़ाने वाला पकड़ा,पुराना ड्राइवर निकला चोर

Sep 16 2022

ग्वालियर। सिलेण्डरों से भरा एक ट्रक चोर चोरी कर ले गया। घटना मुरार थाना क्षेत्र के लाल टिपारा के पास की है। घटना का पता उस समय चला जब चालक की नींद खुली तो चोर ट्रक को ले जा रहा था। मामले की सूचना तुरंत ही ड्राइवर ने मालिक व पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मालिक व उसके अन्य साथियों की मदद से बड़ा गांव पर ट्रक पकड़ लिया, लेकिन चालक भाग निकला, जिसका पुलिस ने पीछा कर पकड़ा है। इस दौरान गिरने से चोर घायल हो गया। मुरार थाना क्षेत्र के सदर बाजार निवासी राहुल गोयल पुत्र राजेन्द्र गोयल गैस एंजेंसी संचालक हैं और बीते रोज इनका ट्रक क्रमांक एमपी07 जीए 4387 करीब 200 के लगभग भरे हुए सिलेण्डर लेकर आया था। गोदाम पहुंचने के बाद चालक ट्रक को खड़ा कर आराम करने लेट गया और उसकी नींद लग गई। कुछ ही देर बाद उसकी नींद अचानक ट्रक के स्टार्ट होने पर खुली तो उसने देखा कि ट्रक को चोर ले जा रहा है। चोर को ट्रक ले जाते देखकर उसने शोर मचाया और पुलिस व मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही मालिक व पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक की तलाश की तो पुलिस का सामना बड़ा गांव पर चोर से हो गया, पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपी चोर ट्रक को खड़ा छोड़कर फरार हो गया। चोर पैदल ही भागा तो एजेंसी के मालिक राहुल गोयल व पुलिस की डायल 100 ने पीछा किया और चोर को पकड़ लिया। इससे पहले बाउण्ड्री से कूदने व झाडिय़ों में उलझकर चोर घायल हो गया। 
पकड़े गए चोर की पहचान हेम सिंह के रूप में हुई है और पता चला है कि कुछ माह पहले तक यह राहुल गोयल के यहां पर काम करता था और कुछ अनैतिक गतिविधि के चलते उसे हटा दिया गया था। अब पुलिस पूछताछ में जुट गई है कि वारदात के पीछे असल मकसद क्या है। 
जिस तरह चोर सिलेण्डरों से भरा ट्रक लेकर भागा और वह किसी वाहन या फिर किसी मकान से टकरा जाता तो सिलेण्डर फट जाते और आस-पास वाहन चालक व मकान उसकी चपेट में आ जाते और एक बड़ा हादसा हो जाता, क्योंकि चोर शराब के नशे में था और पूरे रास्ते ट्रक को लहराते हुए ले जा रहा था।