आज विशेष विमान से ग्वालियर आएंगे चीतें भारत में भी तैयारियां अंतिम चरण में

Sep 16 2022

ग्वालियर। नामिबिया से चीतों को भारत लाने की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को चीतों को विशेष विमान से भारत के लिए रवाना किया जाना है। इसके पहले नामिबिया में विशेष विमान तक चीतों को किस प्रकार लाया जाएगा और किस प्रकार विमान में चढ़ाया जाएगा इसकी रिहर्सल की गई। उधर भारत में भी तैयारियां अंतिम चरणों में है। कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से आने वाले चीतों के इंतजार की घडिय़ा खत्म होने वाली हैं।
शुक्रवार देर शाम 8 बजे भारतीय वन्यप्राणी संस्थान के डीन डा. वायएस झाला के नेतृत्व में 8 चीतों ने विशेष विमान बी 747 से नामीबिया से ग्वालियर के एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी। चीतों को लेकर विशेष विमान शनिवार सुबह 6 बजे एयरपोर्ट पर पहुंच जाएगा।  यहां चीतों के पिंजरों को बाहर निकालकर विशेषज्ञ रूटीन चेकअप करेंगे।
ग्वालियर के एयरपोर्ट से 7:10 मिनट पर हेलीकाप्टर चीतों को लेकर 8:30 बजे तक कूनो नेशनल पार्क में पहुंच जाएगा। पहले नामीबिया से चीते लेकर आने वाले विशेष विमान जयपुर एयरपोर्ट पर आने वाले था, लेकिन गुरुवार को अचानक प्लान में बदलाव किया गया है। अतिरिक्त वन महानिदेशक (प्रोजेट टाइगर) और नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथारिटी (एनटीसीए) के सदस्य सचिव डा. एसपी यादव के अनुसार विशेष विमान ग्वालियर एयरपोर्ट पर उतरेगा। ग्वालियर से कूनो की दूरी कम है। इसलिए वहां उतारने की प्लानिंग है।
नामीबिया से चीतों को भारत लाने वाले विशेष विमान की तस्वीर सामने आई है, जिसमें टाइगर की खूबसूरत पेंटिंग की गई है। विमान कंपनी ने इस फ्लाइट को विशेष लैग नंबर 118 दिया है।
कंपनी दुनिया में पहली बार चीतों को शिफ्ट करने के लिए फ्लाइट का संचालन कर रही है, ऐसे में यह उनके लिए एक ऐतिहासिक पल है। नामीबिया में भारतीय दूतावास ने इस विमान की तस्वीर ट्वीट की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितंबर को अपने जन्मदिन पर श्योपुर में कूनो नेशनल पार्क में चीतों को छोड़ेंगे। ये चीते नामीबिया से भारत लाए जा रहे हैं। नामिबिया से चीतों को विशेष विमान से लाया जाएगा। इस विमान में चीतों के कैज को रखने के लिए काफी बड़ा स्पेस रहेगा, जिससे किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसके पूर्व चीतों की तस्वीरें भी जारी की गई है, जिससे इंटरनेट मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है।
आज कूनों में पीएम मोदी चीतों को छोड़ेगे
चीता परियोजना का शुभारंभ करने 17 सितंबर (अपने जन्म दिवस) को श्योपुर जिले के कूनो पालपुर नेशनल पार्क आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुबह 10:45 बजे तीन बास खोलकर चीतों को क्वारंटाइन बाड़े में छोड़ेंगे। मोदी आधा घंटा पार्क में रहेंगे। चीता मित्र दल के दो सदस्यों से बात करेंगे और दोपहर 12 बजे कराहल तहसील मुख्यालय पर आयोजित महिला स्व-सहायता समूहों के समेलन में शामिल होंगे। योजना के तहत चार कौशल केंद्रों का उद्घाटन भी करेंगे, जो विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के लिए काम करेंगे। बड़े मांसाहारी वन्यप्राणी की पुनस्र्थापना की यह दुनिया की पहली परियोजना है। जिन चीतों को पार्क के क्वारंटाइन बाड़े में छोड़ा जाएगा, वे नामीबिया से लाए जा रहे हैं।