एशिया कप फाइनल पर 2.9 करोड़ का सट्टा खिलाते कांग्रेस नेता सहित दो पकड़े

Sep 12 2022

ग्वालियर। एशिया कप में चले रहे पाकिस्तान व श्रीलंका पर सट्टा लगवाते दो सटोरियों को क्राइम ब्रांच व मुरार थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा है। पकड़े गए सटोरियों में एक कांग्रेस नेता भी शामिल है। पुलिस और क्राइम ब्रांच ने सटोरियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पड़ताल में पता चला है कि लंबे समय से यह सटोरिए सट्टा लगवा रहे थे और सट्टा किंग संतोष घुरैया से लाइन लेकर सट्टा उतार रहे थे। संतोष को कुछ समय पहले ही पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। वह दुबई भागने की फिराक में था।
सीएसपी मुरार ऋषिकेश मीणा ने बताया कि सूचना मिल रही थी कि मुरार इलाके में एशिया कप पर सट्टा लगवाया जा रहा है। सूचना पर सटोरियों को दबोचने के लिए टीआई मुरार शैलेन्द्र भार्गव व टीआई क्राइम दामोदर गुप्ता को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। जिस पर मुरार थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम सटोरियों की तलाश में उतर गई और बीती रात पुलिस व क्राइम ब्रांच का सामना सटोरियों से हुआ तो सटोरियों ने पुलिस से बचने के लिए गलियों में भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से ही अलर्ट पुलिस और क्राइम ब्रांच ने दोनों सटोरियों को धर लिया। 
पुलिस और क्राइम ब्रांच ने जब सटोरियों आकाश राणा व अनमोल गांगिल के मोबाइल चेक किए तो उसमें दो करोड़ नौ लाख रुपए का हिसाब मिला है और साथ ही पता चला है कि सटोरियों ने संतोष घुरैया निवासी पारसेन तथा सागर शर्मा जौरा से आईडी लेकर सट्टा खिलवा रहे हंै और इन्होंने ही आकाश और अनमोल को लाइन दी थी। 
पुलिस सटोरियों को कार में सट्टा लगवाना मान कर तलाश कर रही थी और सटोरियों को पकडऩे के लिए करीब आधा सैकड़ा कारें खंगालने के बाद हाथ लगे हैं और पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने दोनों सटोरियों को दबोच लिया। 
सटोरियों को पकडऩे में एसआई राहुल सिंह, एएसआई दिनेश सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक मनोज एस, शत्रुघन, आरक्षक विनोद, पवन, देवव्रत, जितेन्द्र, सुमित, रणवीर, योगेन्द्र सिंह, अनिल मावई, जोतेन्द्र, नीरज, पंकज तोमर आदि की सराहनीय भूमिका रही। 
एएसपी राजेश डंडोतिया ने बताया कि एशिया कप के फाइनल मैच पर सट्टा लगवाते दो सटोरियों को क्राइम ब्रांच व मुरार पुलिस ने पकड़ा है। पकड़े गए सटोरियों से नगदी के साथ ही सट्टा लगवाने का हिसाब-किताब मिला है। पकड़े गए सटोरियों संतोष घुरैया व सागर शर्मा से लाइन लेकर सट्टा लगवा रहे थे। सटोरियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।