अल्प प्रवास पर मुख्यमंत्री आए ग्वालियर, श्योपुर के करहल के लिए हुए रवाना

Sep 11 2022

ग्वालियर। रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ट्रांजिट विजिट पर वायुमार्ग से ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पर आगमन हुआ। ग्वालियर आने पर सीएम का स्वागत किया गया।
इसके बाद मुख्यमंत्री केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर व केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ श्योपुर जिले के कराहल, कूनो व पालपुर के लिए रवाना हो गए। उनके साथ भारत सरकार एवं राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ श्योपुर के जिले के प्रवास पर गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में 17 सितंबर को कूनो-पालपुर और कराहल में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों का मुख्यमंत्री चौहान जायजा लेंगे।
विमानतल पर पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, जिला पंचायत की अध्यक्ष दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव, बीज एवं फार्म विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष कमल माखीजनी, नगर निगम के सभापति मनोज तोमर तथा महेन्द्र यादव, हरीश मेवाफरोश,विनोद शर्मा, राजू सेंगर, कप्तान सिंह सहसारी व दिनेश दीक्षित सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, निगमायुक्त किशोर कन्याल व एडीएम इच्छित गढ़पाले सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर ग्वालियर में भी तैयारी
श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर ग्वालियर में भी तैयारी चल रही है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि प्रधानमंत्री मोदी ग्वालियर एयरपोर्ट पर उतरेंगे या नहीं, लेकिन फिर भी एयरपोर्ट पर ग्रीन हाउस से लेकर कार्केड तक की तैयारी शुरू हो गई है। नामीबिया से लाए जा रहे चीतों को कूनो नेशनल पार्क में 17 सितंबर को पहुंचाया जाएगा, इसी के साथ प्रधानमंत्री मोदी चीता परियोजना का शुभारंभ करेंगे। ग्वालियर के पुलिस और प्रशासनिक अफसर तैयारी में जुटे हैं। उधर श्योपुर में सुरक्षा के लिए ग्वालियर से फोर्स भी भेजा जाएगा।
17 सितंबर को नामीबिया से लाए जा रहे चीते कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगे। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री का जन्मदिन भी है। एसएसपी अमित सांघी ने बताया कि अभी यह तय नहीं हुआ है कि प्रधानमंत्री ग्वालियर एयरबेस पर उतरेंगे या नहीं यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन फिर भी तैयारियां की जा रही है। एसएसपी सांघी ने बताया कि प्रधानमंत्री अगर यहां आएंगे तो यहां तक विशेष विमान से आएंगे, इसके बाद कूनो के लिए हवाई मार्ग से ही रवाना होंगे। प्रोटोकाल के तहत यहां ग्रीन हाउस बनाया जाएगा, कार्केड भी तैयार रखा जाएगा।