सुबह उमस ने किया परेशान, फिर बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा

Sep 09 2022

ग्वालियर। अचानक आए मौसम में बदलाव के कारण अंचल का माहौल खुशनुमा हो गया। सुबह से तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया था। दोपहर होते-होते आसमान पर बादल छा गए और बूंदाबांदी होने लगी। अंचल में मौसम पूरी तरह से शुष्क होने के साथ ही दस दिनों से आसमान से बारिश की एक बूंद नहीं गिरने से पारे की चाल बेकाबू हो चुकी थी। अंचल में सितंबर में पड़ रही गर्मी का आलम यह है कि बीते रोज गुरुवार को अधिकतम पारा 37 डिग्री के पार जा पहुंचा।
जो सितंबर महीने में बीते तीन साल में सबसे अधिक मौसम विभाग के आंकड़ों में दर्ज किया गया। अब तो दिन के साथ रात में पड़ रही गर्मी ने अंचलवासियों को जीनादुभर कर दिया है। जिसके कारण लोग चौबीस घंटे गर्मी की मार झेलने को मजबूर है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अंचल में उत्तर भारत की और से तेजी से प्रवेश कर रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते रात तक मौसम का पलटवार देखने को मिल सकता है। सिस्टम के चलते आगामी दो दिनों तक होने वाली हल्की बारिश से अंचलवासियों को इस उमसभरी गर्मी से राहत मिलेगी साथ ही पारे की चाल पर भी ब्रैक लगता दिखेगा।
शहर में अधिकतम पारा लगभग 37 डिग्री के आसपास बने रहने के साथ ही वातावरण में घुली उमस के चलते गर्मी का आलम यह है कि नहाते के बाद शरीर पोछते ही शरीर से पसीना बहता दिख रहा है। गर्मी व उमस की मार के चलते घरों के अंदर चौबीस घंटे चल रहे कूलर व पंखों की हवा भी अंचलवासियों को गर्मी से राहत नहीं दे पा रही है। वहीं रोजाना ही अधिकतम तापमान बढऩे से लोगों का गर्मी से बुरा हाल है।