भाजपा अपना घर सुधारे-जयवर्धन

Sep 06 2022

ग्वालियर। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सिंधिया गुट के वरिष्ठ मंत्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया ने मुख्य सचिव पर निरंकुश होने के जो आरोप लगाए हैं ऐसा 70 साल के इतिहास में पहली बार हुआ है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा को अब भाजपा छोड़ो यात्रा निकालनी चाहिए क्योंकि शिवराज सिंह चौहान उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनने देंगे।
कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा भाजपा में इस समय जो गतिविधियां चल रही हैं वह पार्टी के अंदर मची खलबली को बता रही है। जयवर्धन सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा नेता अब कुपोषित बच्चों और गरीबों का अन्न खाने लगे हैं।
मध्याह्न भोजन योजना में सौ करोड़ के भ्रष्टाचार के खुलासे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह हजारों करोड़ का घोटाला है। उन्होंने कहा कि जो पोषण आहार बच्चों और गरीब महिलाओं के लिए आ रहा है उससे भाजपा नेता पैसा कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं और हमारे वरिष्ठ साथी पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को उठाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता इतने लालची हो सकते हैं इसकी उन्होंने कल्पना नहीं की थी। 
जयवर्धन ङ्क्षसह ने कहा कि प्रदेश में हर आदमी परेशान है। कर्मचारियों के साथ सरकार लगातार वादाखिलाफी कर रही है। उन्होंने कहा कि हम आगामी विधानसभा चुनाव में अपना जो घोषणा पत्र जारी करेंगे उसमें कर्मचारियों को लेकर पहली घोषणा होगी। कांग्रेस ने राजस्थान और छत्तीसगढ में पुरानी पेंशन योजना को लागू कर दिया है। यह योजना हम सरकार आने पर प्रदेश में भी लागू करेंगे।
जयवर्धन सिंह ने कहा कि कल से कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रारंभ हो रही भारत जोडो यात्रा ऐतिहासिक होगी। राहुल गांधी युवाओं के नेता हैं उनकी यह यात्रा मध्यप्रदेश के पांच जिलों से होकर निकलेगी। यह यात्रा बुरहानपुर, खंडवा, इंदौर, उज्जैन और आगर होते हुए झालावाड जाएगी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री लाखन सिंह उपस्थित थे।