महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का महाआंदोलन दिल्ली में ग्वालियर से सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता जाएंगे

Sep 03 2022

ग्वालियर। केंद्र की मोदी सरकार की मुनाफाखोर वाली नीति और कुप्रबंधन के कारण देश में महंगाई बेतहाशा बढ़ती जा रही है। देश की राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार चार सितंबर को दिल्ली में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जिले से सैकड़ों कार्यकर्ता स्पेशल ट्रेन, निजी वाहनों से रैली में शामिल होने जाएंगे। दिल्ली में आयोजित रैली की तैयारियों को लेकर शनिवार को कांग्रेस कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया जिसमें जिलाध्यक्ष डॉ.देवेन्द्र शर्मा, विधायक डॉ.सतीश सिंह सिकरवार, कांग्रेस के प्रदेश सचिव सुनील शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। 
बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष डॉ.शर्मा ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए शहर से सैकड़ों कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना होंगे। बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप प्रदान किया गया। लगभग 15 वाहनों से कार्यकर्ता और पदाधिकारी दिल्ली के लिए रवाना होंगे।