पांच मंजिला सेंचुरी अपार्टमेंट के भूतल पर आफिस में लगी आग

Sep 02 2022

ग्वालियर। थाटीपुर इलाके में गत रात को पांच मंजिला इमारत में आग लग गई। आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बने आफिस में लगी। कुछ ही देर में पूरा आफिस आग की लपटों से घिर गया और पूरी इमारत में धुंआ भर गया। इमारत में रहने वाले सोलह परिवार दो घंटे तक दहशत में रहे। क्योंकि यह लोग ऊपर ही फंसे हुए थे। नीचे ग्राउंड फ्लोर आग की लपटों से घिरी हुई थी, जिसके चलते यह लोग बाहर नहीं निकल सके। फायर ब्रिगेड के अमले ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
थाटीपुर स्थित मयूर मार्केट के पास सेंचुरी अपार्टमेंट बना हुआ है। सेंचुरी अपार्टमेंट पांच मंजिला है, जिसमें ग्राउंड फ्लोर पर आफिस है। इसमें बिल्डर गुड्डू चौहान का आफिस है। रात को आफिस बंद था। अचानक अंदर आग लग गई। आग लगने का पता जब चला तो लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर आफीसर विवेक दीक्षित ने बताया कि सूचना मिलते ही दो गाडिय़ां भेजी गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।