लापता वृद्ध का शव पहाड़ी पर पड़ा मिला

Sep 01 2022

ग्वालियर। माधवगंज थाना क्षेत्र के गुढा-गुढ़ी के नाका पर स्थित डांग वाले बाबा की पहाड़ी पर गुरूवार को प्रीतम कॉलोनी में रहने वाले वृद्ध का शव मिला है। खास है कि बुजुर्ग के अधोवस्त्र गायब हैं, जबकि ऊपर वह कुर्ता पहने दिख रहे हैं। परिवारवालों के मुताबिक बालकृष्ण गौतम गत रोज सुबह 5 बजे अचलेश्वर महादेव मंदिर और सनातन धर्म दर्शन करने के लिए निकले थे। रात तक लौटकर नहीं आए, तो परिवार के लोगों ने गुमशुदगी इंदरगंज थाने में दर्ज कराई थी।
बता दें कि गुरूवार को जब मृतक बुजुर्ग का बेटा संजीव गौतम पिता को ढूंढ रहा था, तभी उसे किसी ने बताया कि पहाड़ी पर झाडिय़ों के बीच वृद्ध की लाश पड़ी है। उसकी पहचान बालकृष्ण गौतम के रूप में हुई। बेटे ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। थाने के टीआई और सीएसपी समेत पुलिस बल मौके पर जा पहुंचा। यहां पुलिस ने लाश को बरामद कर पीएम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
वृद्ध की मौत किन कारणों से हुई है, इसका खुलासा नहीं हो सका है। परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। आसपास के क्षेत्र में नशेड़ी लोगों का जमावड़ा रहता है। आशंका है कि वृद्ध की लूटपाट के इरादे से हत्या की होगी। मृतक के शरीर पर कुर्ते के अलावा हाथ में घड़ी जेब में 250 नगद पुलिस को मिले हैं। वहीं, वृद्ध के मुंह से खून निकल रहा था। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण पता चल सकेगा।