जेएएच में आरएफआइडी पार्किग का हुआ विरोध, डीन ने दी राहत

Aug 29 2022

ग्वालियर। जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) में वाहन पार्किंग का ठेका टीडी क्लीनटेक कंपनी को दिया है। अस्पताल में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों से ठेकेदार ने शुल्क वसूलना शुरू भी कर दिया। न्यायालय के आदेश पर ठेका शर्त में आरएफआइडी (रेडियो आवृति पहचान) सिस्टम लागू किया गया, जिसको लेकर विरोध शुरू हो गया।
जेएएच में वाहन व मरीजों की सुरक्षा को लेकर न्यायालय ने एक याचिका की सुनवाई में आरएफआइडी सिस्टम के साथ पार्किग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जेएएच में पार्किग ठेके पर दी गई है। ठेका कंपनी द्वारा तीनों प्रवेश द्वार पर ठेका कंपनी ने कर्मचारी तैनात कर हैं। यह अस्पताल में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों से छह घंटे के लिए दुपहिया वाहन से दस रुपये और चार पहिया वाहन चालकों से 20 रुपये ले रहे हैं।
जेएएच पार्किग पर विरोध और हंगामा की खबर लगते ही बीज निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल जेएएच पहुंचे। यहां ठेकेदार से शुल्क वसूलने संबंधी आदेश लिखित में मांगा, जो ठेकेदार नहीं दिखा सका। इस पर गोयल ने ठेकेदार से कहा पार्किंग व्यवस्था जरूर बनाएं, लेकिन जेएएच में गरीबों से शुल्क ना वसूला जाए। इसके बाद गजरा राजा मेडिकल कालेज के डीन डा. अक्षय निगम ने बीपीएल कार्डधारियों, वृद्घजन व स्टाफ को निशुल्क पार्किंग देने का आदेश जारी किया। 
इधर ठेकेदार का कहना है यह आदेश गलत है, ऐसी कोई बात ठेका शर्त में नहीं है।