जेएएच में पार्किंग व्यवस्था शुरू

Aug 28 2022

ग्वालियर। अंचल के सबसे बड़े अस्पताल जयारोग्य अस्पताल में पार्किंग की नई व्यवस्था शुरू हो गई। रविवार सुबह से ही अस्पताल परिसर में प्रमुख द्वारों पर पार्किंग व्यवस्था में तैनात लोग रस्सी डालकर वाहनों को रोकते नजर आए और बिना पार्किंग शुल्क दिए किसी को भी अंदर नहीं आने दिया। हालांकि लोगों ने तरह-तरह के बहाने बनाए लेकिन पार्किंग ठेकेदार के स्टॉफ ने लोगों की एक ना सुनी और उन्हें तभी अंदर जाने की परमीशन दी गई जब उन्होंने पार्किंग की रसीद कटवा ली। 
अब यह व्यवस्था कब तक ठीक-ठाक रहेगी यह तो आने वाला वक्त बताएगा लेकिन इस व्यवस्था से अस्पताल में आने वाले मरीजों व उनके अटेंडरों को परेशान नहीं होना पड़ा। लंबे समय से वाहनों की बेतरतीब तरीके से पार्किंग को लेकर जेएएच परिसर में मरीज और उनके अटेंडरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। और इसी बात को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने यह व्यवस्था प्रारंभ की है। अभी दो-चार दिन लोगों को परेशानी हो सकती है। पर धीरे-धीरे लोग माहौल को समझ जाएंगे और अपने वाहनों को आड़ा-तिरछा रखने की बजाय नियत स्थान पर ही पर्ची कटाने के बाद रखेंगे।