सिंधिया ने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का किया दौरा- जल्दी मिलेगी पीडि़तों को राहत-सिंधिया

Aug 27 2022

ग्वालियर। केन्द्रीय नागर विमानन और इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार की सुबह श्योपुर, सबलगढ़, जौरा, मुरैना के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से मुलाकात की। सिंधिया ने कहा कि पीडि़तों को शासन द्वारा शीघ्र राहत दिलाई जाएगी। सिंधिया के साथ प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, बिजली मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर तथा मंत्री भारत सिंह कुशवाह भी उपस्थित रहे। सिंधिया ने हेलीकॉप्टर और सड़क मार्ग दोनों से ही इन क्षेत्रों का दौरा किया। सिंधिया ने दोपहर में मुरैना में प्रशासन के साथ बाढ़ राहत कार्यो की समीक्षा भी की।
सिंधिया ने यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि श्योपुर-मुरैना और गुना क्षेत्र में आई बाढ़ को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान क्षेत्र का दौरा कर लगातार यहां की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों से राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की कोई कमी न रहे इसके निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा जिन लोगों को बाढ़ से नुकसान हुआ है, जिनके पशु इस बाढ़ में मारे गए हैं और उनकी फसलें बर्बाद हुई है, उस क्षति का आंकलन किया जा रहा है। जल्दी ही सभी पीडि़तों को राहत दी जाएगी। जिससे वे इस मुसीबत से उबर सकें। 
ग्वालियर आने के बाद शनिवार सुबह हेलीकॉप्टर से श्योपुर के लिए रवाना हो गए। उनके साथ मंत्री भी रवाना हुए। उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत श्योपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के बाद वे सड़क मार्ग से सबलगढ़ के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ के कारण नष्ट हुई फसलों तथा लोगों के घरों को हुए नुकसान का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने जौरा और सुमावली में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हेलीकॉप्टर से सर्वेक्षण किया। यहां का दौरा करने के बाद वे मुरैना के लिए रवाना हो गए।
मुरैना में दोपहर में उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें प्रशासन द्वारा किए गए बचाव व राहत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो भी पीडि़त है उन्हें हुई क्षति के आंकलन में किसी प्रकार की कोई कोताही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को समय पर राहत मिले इसके प्रयास किए जाएं।
सिंधिया ने दोपहर में बीरपुर, कुठियाना में बाढ पीडि़तों से मुलाकात की, दोपहर में ही वे मालबसई, रतनबसई, अंबाह, उसेदघाट, चोमो, अतर, तारसोखर में भी बाढ़ पीडितों से मिले। यहां चल रहे राहत कार्यों में लगे अधिकारियों से भी चर्चा करी।
आज गुना का दौरा करेंगे सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया आज 28 अगस्त को गुना के बाढ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। श्री सिंधिया दोपहर 12 बजे गुना और बामोरी विधानसभा क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद स्थानीय प्रशासन के साथ राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वे मुंगावली विधानसभा क्षेत्र में भी हवाई सर्वेक्षण के बाद बाढ़ पीडि़तों से मिलेंगे तथा शाम को स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के साथ राहत कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे।