गुलामनबी आजाद के कांग्रेस से इस्तीफा देने पर पूछे गए सवाल पर- आजाद कांग्रेस से आजाद हो गए- सिंधिया

Aug 27 2022

ग्वालियर। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में निकलने से पहले शनिवार सुबह कहा है कि मैं बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के लिए जा रहा हूं, समूचे अंचल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में जा रहा हूं। संकट के समय क्षेत्र की जनता का हौसला बढ़ाने बढ़ाने के लिए जा रहा हूं।
क्योंकि प्रदेश सरकार उनकी मदद के लिए तैयार है, मुख्यमंत्री ने स्वयं क्षेत्र का दौरा किया है। बाढ़ के बीच में फंसे एक-एक व्यक्ति को गांव से वायु सेना के हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू करके सुरक्षित स्थान या कैंप तक पहुंचाया गया है। वहां किस तरह की राहत दी जा रही है और क्या जरूरत है इसकी मैं समीक्षा करुंगा। बाढ़ में फंसे हमारे भाइयों के लिए हर संभव मदद व प्रयास करुंगा।
इस दौरान ग्वालियर पहुंचे सिंधिया से मीडिया द्वारा 50 साल से जुड़े गुलामनबी आजाद के कांग्रेस से इस्तीफा देने पर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मीडिया से कहा कि आजाद अब कांग्रेस से आजाद हो गए हैं। कांग्रेस में अब माहौल ठीक नहीं है, इसलिए आजाद जैसे नेता भी छोड़ रहे हैं। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि कई महीनों और सालों से स्पष्ट है कि कांग्रेस की अंदरुनी स्थिति क्या है। मैं तो भाजपा का कार्यकर्ता हूं, लेकिन अंत में कहूंगा कि गुलाम नबी जी अब स्वंय आजाद हो गए हैं।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने ग्वालियर के दो दिवसीय दौरे को बाढ़ प्रभावित दौरों में बदल दिया है। सिंधिया ने ग्वालियर शहर में अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर पूरा समय बाढ़ प्रभावित के लिए लगा दिया है। पहले वह शनिवार सुबह 11 बजे ग्वालियर आ रहे थे, लेकिन बदले हुए कार्यक्रम के चलते वह राजधानी एक्सप्रेस से शुक्रवार रात 11.10 बजे ग्वालियर पहुंच गए हैं। ग्वालियर पहुंचने के बाद वह रात को जयविलास पैलेसे में विश्राम करने के बाद शनिवार सुबह श्योपुर के लिए रवाना हुए हैं। रवाना होने से पहले उन्होंने मीडिया से भी बात की है। उन्होंने बताया है कि वह बाढ़ प्रभावित लोगों के पास जा रहे हैं।