बलमा गाने पर ऑटो चालकों के खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल

Aug 24 2022

ग्वालियर। ग्वालियर में ऑटो चालकों ने खुद की जिंदगी के साथ राह चलते लोगों की जिंदगी उस वक्त दांव पर लगा दी, जब वह बीच सड़क पर स्टंटबाजी करने लगे। शहर के चेतकपुरी चौराहे के पास मुख्य रोड पर ऑटो चालकों ने तेज आवाज में फिल्मी गीत बलमा-बलमा..अगर जिंदगी  बजाते हुए दो पहिए पर स्टंट किए। जिससे उस मार्ग से गुजर रहे वाहन चालक सहम गए। स्टंटबाजी का वीडियो वायरल होने पर तत्काल ट्रैफिक पुलिस ने एक्शन लेते हुए ऑटो को जब्त कर लिया।
झांसी रोड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत चेतकपुरी चौराहे पर जिसने भी इन ऑटो चालकों का खतरनाक स्टंट देखा, वो एक पल के लिए सहम गए। क्योंकि स्टंट करते वक्त एक गलती बड़े हादसे में बदल सकती थी। वहां मौजूद किसी शख्स ने स्टंटबाजी का वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ तो तत्काल पुलिस हरकत में आ गई। ट्रैफिक पुलिस ने स्टंटबाज एक ऑटो चालक को हिरासत में ले लिया और ऑटो भी जब्त कर लिया। पुलिस ने अपनी इस कार्रवाई के दौरान ऑटो चालक को सबक सिखाने चलानी कार्रवाई भी की। साथ ही उसे ट्रैफिक नियम का पालन करने की शपथ भी दिलाई।
इस पूरे मामले को लेकर डीएसपी ट्रैफिक नरेश अन्नोटिया ने बताया कि अभी एक ऑटो को जब्त किया गया है। वहीं अन्य ऑटो चालकों की पहचान कर उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।