जितना अच्छा बीज होगा दुनिया उतनी अच्छी चलेगी- नरेंद्र सिंह

Aug 21 2022

ग्वालियर। बीजों का अविष्करण ऐसा होना चाहिए कि वो उत्पादकता को बढ़ाए और देश को आगे ले जाए। बीजों के अविष्करण की कृषि वैज्ञानिकों की जिम्मेदारी है। साथ ही बीज के मामले में देश को आत्मनिर्भर बनाने की जिम्मेदारी है। यह बात केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने 11वीं नेशनल सीड कांग्रेस में रविवार को कही। सीड कांग्रेस का आयोजन स्थानीय विजयाराजे कृषि विश्वविद्यालय में किया गया था।
केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि सोयाबीन व कपास के हमारे बीजों की विश्व में तुलना की जाए तो अभी इस क्षेत्र में काफी काम करने की जरूरत है। यह काम कृषि विज्ञानियों को करना होगा। उन्होंने कहा कि बीज ही संस्कार है, बीज ही वर्तमान है, बीज ही भविष्य है और बीज ही शुद्धता की गारंटी है। जितना बीज अच्छा होगा उतनी दुनिया ही अच्छी चलने वाली है। सीड कांग्रेस में केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया वर्चुअल रूप से अध्यक्षता कर रहे थें। इसके साथ ही कार्यक्रम में प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल और महापौर डा. शोभा सतीश सिकरवार बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद थीं। आरंभ में केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर सहित अन्य अतिथियों ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद विधिवत पूजा अर्चना कर नव निर्मित दत्तोपंत ठेंगडी सभागार का लोकार्पण किया।
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने रविवार को 11 वीं नेशनल सीड कांग्रेस का शुभारंभ किया। कार्यक्रम राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के नव निर्मित दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित किया गया।
जब हुआ आमना-सामना
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और शोभा सिकरवार का महापौर बनने के बाद रविवार को पहली बार आमना-सामना हुआ। दोनों के मन में क्या चल रहा था यह तो वही जाने। महापौर शोभा सिकरवार ने गुलदस्ता भेंटकर केंद्रीय मंत्री तोमर का स्वागत किया। मौका कृषि यूनिवर्सिटी में आयोजित समारोह का था।