2 शातिर चोर चोरी के मोबाइल एवं सोने-चांदी के जेवरातों सहित गिरफ्तार

Aug 19 2022

ग्वालियर। एसएसपी अमित सांघी के निर्देश पर ग्वालियर जिले में लूट, नकबजनी, चोरी के प्रकरणों का खुलासा कर आरोपीगणों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। शुक्रवार को एसएसपी को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि 11 जनवरी की रात्री में थाना ठाटीपुर क्षेत्रांतर्गत हुई चोरी की बारदात को अंजाम देने वाले बदमाश को अल्पना टॉकीज के पास देखा गया है। उक्त सूचना पर एसएसपी द्वारा एएसपी अपराध राजेश डण्डोतिया को सूचना की तस्दीक कराकर नकबजनी की घटना कारित करने वाले चोरों को पकड़े हेतु निर्देशित किया गया। 
थाना प्रभारी ठाटीपुर पंकज त्यागी को मय थाना बल के मुखबिर के बताये स्थान अल्पना टॉकीज के पास भेजा गया। पुलिस टीम को अल्पना टॉकीज के पास मुखबिर के बताये हुलिये का एक संदिग्ध खड़ा दिखाई दिया, जिसने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। परन्तु पुलिस टीम द्वारा उक्त व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गये व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने थाना ठाटीपुर क्षेत्र में चोरी की बारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। 
पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये नकबजन की निशादेही पर उसके पास से चोरी किया गया एक वीवो कंपनी का मोबाइल एवं सोने-चांदी के जेवरात कुल कीमती एक लाख रूपये के बरामद कर जप्त किये गये। पुलिस टीम द्वारा उक्त नकबजन को थाना ठाटीपुर के अपराध में गिरफ्तार कर उससे जिले में हुई अन्य चोरी की बारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पकड़े गये नकबजन द्वारा 11 जनवरी को थाना ठाटीपुर क्षेत्रांतर्गत कुम्हरपुरा स्थित एक घर से मोबाइल तथा सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिये थे जिस पर थाना ठाटीपुर में अज्ञात चोर के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
इसी क्रम में एक अन्य मुखबिर की सूचना पर से थाना ठाटीपुर पुलिस को ज्ञात हुआ कि दिनांक 31 मई की रात्री में कुम्हरपुरा हॉस्पीटल के पास मोबाइल चोरी करने वाला बदमाश ग्राम रिठौराकलां जिला मुरैना में देखा गया है। थाना प्रभारी ठाटीपुर द्वारा उक्त सूचना पर से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना बल की टीम को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर उक्त आरोपी की गिरफ्तारी हेतु भेजा गया। 
पुलिस टीम को ग्राम रिठौराकलां में मुखबिर के बताये हुलिया का एक संदिग्ध खड़ा दिखाई दिया, जिसने पुलिस बल को अपनी ओर आता देख भागने का प्रयास किया, परन्तु पुलिस टीम द्वारा उक्त संदिग्ध को पीछा कर पकड़ लिया गया। पकड़े गये व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने थाना ठाटीपुर क्षेत्र में चोरी की बारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये चोर की निशादेही पर उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद कर जप्त किये गये। पुलिस टीम द्वारा उक्त चोर को थाना ठाटीपुर के अपराध में गिरफ्तार किया जाकर उससे जिले में हुई अन्य चोरी की बारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।