ग्वालियर के सराफा कारोबारी के बेटे के लिए कांग्रेस विधायक सिकरवार मदद को आगे आए,6.50 लाख रुपये सहयोग राशि एकत्रित की

Aug 17 2022

ग्वालियर। फुकेत के ले-मेरिडियन होटल के स्वीमिंग पूल में डूबे सराफा कारोबारी मनोज अग्रवाल के बेटे नींव अग्रवाल की हालत में कोई सुधार नहीं है। परिवार के पास अब पैसा भी नहीं है, इसलिए परिवार अब उसे भारत लाना चाहता है। भारत लाकर दिल्ली के एम्स में उसके इलाज कराए जाने की मांग स्वजनों और ग्वालियर के व्यापारियों द्वारा की जा रही है। इस संबंध में शहर के व्यापारियों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी बात की है। इस हादसे से शहर के व्यापारी दुखी हैं। इंटरनेट मीडिया पर उसे भारत लाने के लिए हैश टैग कैंपेन भी शुरू किया गया है। विधायक सतीश सिकरवार ने पीडि़त परिवार के लिए 6.50 लाख रुपये की सहयोग राशि एकत्रित की है, जिसे परिवार को सौंपा जा रहा है।
थाईलैंड घूमने गया सराफा कारोबारी का बेटा स्वीमिंग पूल में डूबा, लड़ रहा जिंदगी की जंग सुनने के बाद कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार सहित शहर के कई प्रबुद्धजन मदद को आगे आए हैं। विधायक ने मदद के लिए सहयोग राशि जुटाने का जिम्मा उठाया है। इसमें सिकरवार परिवार ने 2 लाख रुपये, एक प्रबुद्ध नागरिक ने दो लाख रुपये, डा दीपक यादव ने 1 लाख रुपये, जीवायएमसी के सचिव रंजीत पंजवानी ने 50 हजार रुपये एवं व्यापारी राजू कुकरेजा ने 1 लाख की सहयोग राशि उपलब्ध कराई है। इस प्रकार अब तक 6.50 लाख की राशि एकत्र हुई है, जिसे परिवार को ट्रांसफर किया जा रहा है, जिससे उपचार में मदद हो सके। विधायक सतीश सिकरवार ने अन्य लोगों से भी मदद के लिए आगे आने की अपील की है।
ये है घटनाक्रम
 विनय नगर के रहने वाले मनोज अग्रवाल सराफा कारोबारी हैं। उनकी सराफा बाजार में श्रीजी आरनामेंट्स के नाम से दुकान है। वह अपनी पत्नी वर्षा, सत्रह वर्षीय बेटे नींव उर्फ नीशू और बेटी वंशिका के साथ 12 अगस्त को भारत से फुकेत गए थे। उनका छह दिन का टूर था, जिसमें दो दिन फुकेत, दो दिन करावी और दो दिन बैंकाक रुकना था। यह लोग फुकेत के ली-मेरिडियन होटल में रुके हुए थे। 13 अगस्त को नींव स्वीमिंग पूल में नहाने चला गया। पहले वह नहाया, इसके बाद मैट लेकर दोबारा पानी में उतरा। अचानक गहरे पानी में मैट पलट गई और वह डूब गया। उसके साथ नहा रहे बच्चों ने शोर मचाया लेकिन यहां लाइफ गार्ड नहीं था। 
इसके बाद यह लोग भागते हुए मनोज के कमरे में पहुंचे। दौडक़र सभी लोग नीचे आए और नींव नीचे डूबा हुआ था। जैसे ही होटल प्रबंधन ने चीख पुकार सुनी तो आनन-फानन में गार्ड पानी में कूदा। नींव को बाहर निकाला। इसके बाद उसे फुकेत के बैंकाक अस्पताल ले जाया गया। उसके पेट, फेंफड़ों में पानी भर चुका था, इसलिए शरीर के अंगों ने काम करना बंद कर दिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है, वह वेंटीलेटर सपोर्ट पर है। लगातार उसका डायलिसिस चल रहा है। चार दिन में उसके इलाज पर करीब 25 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। शहर के व्यापारी जगदीश मित्तल बीते रोज फुकेत पहुंच गए। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया। इधर शहर के कई व्यापारी इकठ्ठे होकर भाजपा नेता मुन्नालाल गोयल से भी मिले।