ग्वालियर से दिल्ली जाने वाली डेली, वीकली ट्रेनों में भी नहीं मिल रही कन्फर्म सीट

Aug 16 2022

ग्वालियर। रक्षाबंधन का त्यौहार मनाकर काम या घर को लौट रहे यात्रियों के चलते ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। जहां जनरल कोचों में पैर रखने की जगह नहीं है तो वहीं स्पीलर कोचों में यात्री खड़े होकर सफर कर रहे हैं। दिल्ली और भोपाल जाने वाली गाडिय़ों में कन्फर्म सीट तक नहीं है। यात्रियों को जिस ट्रेन में जैसे जगह मिल रही है वह सफर कर रहे हैं। यह किसी एक ट्रेन का हाल नहीं है बल्कि ग्वालियर से गुजरने वाली हर ट्रेन में यही नजारा देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की काफी संख्या दिखाई दे रही है। वेटिंग हॉल में जगह तक नहीं है। 11 अगस्त को रक्षाबंधन फिर 15 अगस्त की छुट्टी इसलिए ज्यादातर लोग सोमवार से अपने काम पर वापस या घरों को लौट रहे हैं। यही कारण है कि अभी दो से तीन दिन ट्रेनों में काफी भीड़ रहने वाली है।
मंगलवार को नई दिल्ली की ओर जाने वाली मंगला एक्सप्रेस, केरला एक्सप्रेस, पंजाब मेल, ताज एक्सप्रेस, उदयपुर इंटरसिटी, हीराकुंड एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के सामान्य कोचों में काफी भीड़ रही। लंबी दूरी की इन ट्रेनों में आरक्षण के लिए काफी मारा मारी हो रही है। छुट्टी के बाद आरक्षण काउंटर खुलने के पहले ही लोगों की लंबी भीड़ देखी गई। स्टेशन पर आलम यह है कि प्लेटफॉर्म क्रमांक एक व दो पर पांव रखने तक की जगह नहीं थी। हर तरफ सिर्फ यात्री ही यात्री दिख रहे हैं। घर को लौटने वाले स्लीपर कोच में भी खड़े होकर सफर कर रहे हैं।
ट्रेनों में टीटीई से कन्फर्म सीट के लिए भी हो रही बहस
त्यौहार को देखते हुए रेलवे ने टीटीई को टैब दिए हैं। अब ट्रेनों में चलने वाले टीटीई के हाथों में रिजर्वेशन चार्ट नजर नहीं आएंगे। उन्हें टैबलेट दिए गए हैं। इन टैबलेट पर ऑनलाइन रिजर्वेशन की जानकारी रहेगी। वह ट्रेन में सीट खाली होने पर ऑनलाइन देखकर वेटिंग वाले यात्रियों को सीट उपलब्ध करा सकेंगे। अभी यह व्यवस्था ग्वालियर से चलने वाली चार ट्रेनों में पहले शुरू की जा रही है। रेलवे बोर्ड व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटलाइजेशन पर जोर दे रहा है। इसके तहत कार्यालयों को कम्प्यूटराइज्ड करने के बाद टीटीइ को भी डिजिटल किया गया है। रेलवे ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म एवं ट्रेन की बोगियों पर रिजर्वेशन चार्ट लगाने की प्रक्रिया पहले ही खत्म कर दी है।
त्यौहार के आसपास ट्रेनों और स्टेशन पर भीड़ होने और ट्रेनों का स्टॉपेज सिर्फ 2 मिनट का होने पर ट्रेनों में चेन पुलिंग की घटनाएं बढ़ जाती हैं। बीते कुछ दिन में चेन पुलिंग भी खूब हुई है। रिजर्वेशन काउंटर पर सुबह से ही लाइन लग जा रही है। सीट कन्फर्म कराने के लिए दलाल भी सक्रिय हो गए हैं।