स्वतंत्रता दिवस पर चिडिय़ाघर में बच्चों की भीड़ उमड़ी, किले पर जश्न मनाया

Aug 16 2022

ग्वालियर। आजादी के अमृत महोत्सव का आनंद शहर में हर तरफ नजर आया। सुबह घरों, दफ्तरों और संस्थानों में ध्वजारोहण के बाद लोग परिवार के साथ गांधी प्राणी उद्यान, मॉल, शहर में लगे मेलों में उमड पड़े। यहीं नहीं लोग तिघरा, रमौआ डेम के अलावा शहर के पर्यटन स्थल ग्वालियर किले पर भी परिवार के साथ पहुंचे।
गांधी प्राणी उद्यान में प्रतिदिन आने वाले सैलानियों की अपेक्षा स्वतंत्रता दिवस पर जबर्दस्त भीड़ उमड़ पड़ी थी। यहां सुबह 11 बजे से ही सैलानियों का आना शुरु हो गया था। बच्चों के साथ पहुंचे लोगों ने यहां चिडिय़ा घर में घूमने के बाद बाहर ऊंट एवं घुडसवारी का आनंद भी लिया। लोगों का यहां मेला लगा होने से ऊँट एवं घुडसवारी के लिए लोगों को काफी इंतजार करना पड़ रहा था। वहीं लोग यहां से बैजाताल, फूलबाग और जल विहार भी पहुंचे।
आजादी के अमृत महोत्सव का लोगों ने पर्यटन के साथ भी आनंद लिया। लोगों ने परिवार के साथ तिघरा पहुंचकर यहां नौकायन किया। दोपहर में यहां भीड़ के कारण जाम के हालात बन गए थे। वहीं ग्वालियर किले पर भी आज हजारों लोग सैर करने पहुंचे। लोगों ने यहां मौसम का भी आनंद लिया। शहर में बैजाताल पर भी लोगों की खासी भीड़ रही, यहां भी लोगों ने नाव चलाई। 
लक्ष्मीबाई समाधि के सामने में मैदान पर सावन मेला में भी लोगों की भीड रही। यहां लोगों ने खरीदारी की तथा बच्चों ने झूलों का आनंद लिया। सावन मेला में सुबह 10 बजे 100 फुट ऊंचे टॉवर पर मात्र एक मिनट 36 सेकंड में नन्हें सात्विक ने चढ़ाई करते हुए राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में हॉकी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर, डॉ लेफ्टिनेंट ब्रजकिशोर प्रसाद एलएनआईपी, विवेक शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे। जोश इको एडवेंचर स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष योगेन्द्र सिंह सेंगर ने बताया कि इस अवसर पर सैंकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे। सभी ने सात्विक को उसके साहसिक कार्य के लिए बधाई दी।