टकसाल स्कूल के बच्चों के साथ कलेक्टर श्री सिंह ने लिया सुरूचिपूर्ण भोज का आनंद

Aug 16 2022

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित हुए मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर कौशलेन्द्र सिंह मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत आयोजित हुए विशेष भोज में शामिल हुए। उन्होंने शासकीय टकसाल स्कूल कम्पू के बच्चों के साथ बैठकर सुरूचिपूर्ण भोज का आनंद लिया। 
मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत टकसाल स्कूल में आयोजित हुए सुरूचिपूर्ण भोज में जिला पंचायत के सीईओ आशीष तिवारी, प्रभारी पुलिस अधीक्षक अभिनव चौकसे, अपर कलेक्टर इच्छित गढ़पाले, एचबी शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। जिले के अन्य शासकीय स्कूलों में भी स्वतंत्रता दिवस पर मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत विशेष भोज का आयोजन हुआ।
जिले के अन्य कस्बों व ग्रामीण अंचल में भी शान से लहराया तिरंगा 
स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ जिले के सभी नगरीय निकायों, विकासखण्ड मुख्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जनपद पंचायत मुख्यालयों पर जनपद अध्यक्ष, नगरीय निकायों में नगर पालिका, नगर पंचायत अध्यक्षों द्वारा और ग्राम पंचायतों में सरपंचों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पौधरोपण व स्वच्छता आदि रचनात्मक गतिविधियां भी हुईं।