कलेक्टर सिंह ने कलेक्ट्रेट में फहराया राष्ट्रीय ध्वज

Aug 16 2022

ओहदपुर की सुरम्य पहाडिय़ों पर बने कलेक्ट्रेट भवन पर स्वाधीनता दिवस की 75वी वर्षगाँठ पर कलेक्टर कौशलेन्द्र सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हम सब बेहतर ढंग से नागरिक सेवाएं देकर ऐसा मानक स्थापित करें, जो अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणादायी हो। इस आयोजन में अपर कलेक्टर इच्छित गढ़पाले व एचबी शर्मा सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। 
यहाँ पड़ाव स्थित जनसंपर्क विभाग के सूचना केन्द्र में अपर संचालक जनसंपर्क जीएस मौर्य ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। साथ ही अन्य संस्थाओं में जगह-जगह पूरे सम्मान से तिरंगा फहराया गया। प्रात 7 बजे से 8 बजे के बीच सभी शासकीय अर्द्धशासकीय, नगरीय एवं पंचायत निकायों और शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ।