बीएसएफ के श्वान दस्ते ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

Aug 16 2022

एसएएफ मैदान पर स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुए गरिमामयी समारोह में मौजूद नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल के श्वान दस्ते द्वारा किए गए हैरतअंगेज करतबों ने सभी को भीतर तक प्रभावित किया। अपराधियों से निपटना हो अथवा फिर तस्करों की पहचान या फिर कठिन बाधाओं के बीच से होकर गुजरना हो। राष्ट्रीय श्वान दस्ते ने सभी बाधाओं को फतह करने का जीवंत प्रदर्शन करके दिखाया। साथ ही स्वच्छता अभियान पर केन्द्रित प्रेरणादायी करतबों का प्रदर्शन श्वान दस्ते ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद गणमान्य नागरिकों व बच्चों की श्वान दस्ते को खूब वाहवाही मिली।   
मुख्य समारोह में इनकी रही मौजूदगी 
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार,  जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, नगर निगम सभापति मनोज सिंह तोमर, संभागायुक्त आशीष सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा, निगमायुक्त किशोर कान्याल, जिला पंचायत सीईओ आशीष तिवारी, अपर कलेक्टर इच्छित गढ़पाले व एचबी शर्मा सहित अन्य अधिकारी, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सुरक्षा बलों के जवान एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे।