प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विद्यालय द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया

Aug 14 2022

ग्वालियर। आजादी के अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विद्यालय द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा ओल्ड हाईकोर्ट लेन स्थित ब्रह्माकुमारीज केंद्र से प्रारंभ होकर, इन्द्रगंज चौराहा, पाटनकर चौराहा, दौलतगंज, महाराज बाड़ा होते हुए माधौगंज ब्राह्माकुमारीज सेवाकेंद्र पर समाप्त हुई।
तिरंगा यात्रा में भारत माता की जय और वंदे मातरम नारे के साथ देश भक्ति के गीतों ने सभी को देश के प्रति प्रेम, सम्मान आदि की भावना बनाए रखने के लिए उमंग उत्साह भरा। इसके साथ ही यात्रा में आदर्श दीदी ने भारत माता के वीर सपूतों के बलिदान को याद करते हुए, गांधी जी के स्वप्न को साकार करने अर्थात राम राज्य को लाने के लिए बुरी आदतों, व्यसनों को छोडऩे का संदेश भी दिया ।यात्रा के दौरान अनेकानेक गणमान्य नागरिको के द्वारा फूलो की वर्षा कर तिरंगा यात्रा का सम्मान किया गया। इन्द्रगंज चौराहे पर जगदीश मकरानी ने महाराज बाड़े पर गिर्राज दानी एवं भारत विकास परिषद के सदस्यों ने एवं माधवगंज में निर्मल बहरानी, अनिल सांखला, आकाश बहरानी ने यात्रा का स्वागत किया। तत्पश्चात यात्रा के समापन पर वार्ड 50 के पार्षद अनिल सांखला उपस्थित रहे और उन्होंने सभी को संबोधित करते हुए अपनी शुभकामनाएं भी दी। तिरंगा यात्रा के शुभारम्भ अवसर पर नगर निगम ग्वालियर के उपायुक्त अतिबल सिंह यादव, ब्रह्माकुमारीज संस्थान लश्कर ग्वालियर की मुख्य संचालिका ब्रह्माकुमारी आदर्श दीदी, ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन, ब्रह्माकुमार डॉ. गुरचरण भाई, ब्रह्माकुमार प्रह्लाद भाई के द्वारा ध्वज फहराकर किया गया।